मेरठ 15 अप्रैल (प्र)। नौकरीपेशा व अन्य कामकाजी लोगों को अब बैनामा कराने के लिए अवकाश लेने की जरूरत नहीं होगी। 19 अप्रैल से प्रत्येक रविवार को भी बैनामा कराने की सुविधा मिलेगी। मेरठ समेत प्रदेश के उन नौ बड़े शहरों में यह व्यवस्था लागू होगी जहां दो से ज्यादा उपनिबंधक कार्यालय हैं।
रविवार को मेरठ शहर के चार में से एक उप निबंधक कार्यालय क्रमानुसार खुलेगा, जिसमें पूरे शहर में किसी भी क्षेत्र की संपत्ति का बैनामा कराया जा सकेगा। इसके साथ साथ शासन ने रोजाना रात 8 बजे तक भी बैनामा कराने की सुविधा दी है। इसके लिए एक उप निबंधक कार्यालय को दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक खोला जाएगा। यह जिम्मेदारी स्थायी रूप से सदर द्वितीय उप निबंधक को दी गई है.
संपत्तियों का बैनामा अभी तक सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक पंजीकृत किया जाता है। शासन ने अब रविवार को और रोजाना रात आठ बजे तक भी बैनामा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई है।
यह सुविधा प्रदेश के मेरठ, अलीगढ़, आगरा, कानपुर नगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, वाराणसी और सहारनपुर में लागू की गई है, जहां दो से ज्यादा उप निबंधक हैं और समवर्ती क्षेत्राधिकार (पूरे शहर का किसी भी कार्यालय में बैनामा कराने) की व्यवस्था लागू है।
शासन ने फरवरी महीने में इसके लिए प्रस्ताव मांगे थे। जिसके बाद अब इसे 19 अप्रैल से लागू करने का आदेश महानिरीक्षक निबंधन ने दे दिया है।
आदेश के मुताबिक रात आठ बजे तक काम करने की जिम्मेदारी उप निबंधक सदर द्वितीय को सौंपी गई है। यह कार्यालय सभी कार्यदिवसों में स्थायी रूप से दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक काम करेगा। यहां शहर के किसी भी क्षेत्र का बैनामा किया जा सकेगा.
आदेश के मुताबिक उप निबंधक द्वितीय को छोड़कर अन्य तीनों उप निबंधक कार्यालयों को क्रमवार प्रत्येक रविवार को सुबह दस से शाम पांच बजे तक सामान्य दिनों की भांति खोला जाएगा।
इस दौरान बैनामा, विवाह पंजीकरण समेत सभी प्रकार के पंजीकरण कार्य होंगे। रविवार को खुलने वाला कार्यालय अगले शनिवार को बंद रहेगा। द्वितीय शनिवार अथवा शनिवार को राजकीय अवकाश की स्थिति में यह कार्यालय शुक्रवार को बंद रहेगा.
एआइजी निबंधन शर्मा नवीन कुमार एस का कहना है कि आम जनता के लिए यह सुविधाजनक व्यवस्था है। इसके लिए फरवरी के अंतिम सप्ताह मे प्रस्ताव तैयार करके भेजा गया था। 19 अप्रैल से इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा। सदर द्वितीय उप निबंधक कार्यालय रोजाना दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक खुला करेगा। वहीं अन्य तीनों उप निबंधक कार्यालय क्रमवार रविवार को खुलेंगे।
