मेरठ 06 मार्च (प्र)। शास्त्री नगर की गलियों में इन दिनों एक ही चर्चा है कि अबकी बार आज से रविवार तक चेतावनी आखिरी है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने संपत्ति संख्या 10/2 पर अवैध निर्माण को लेकर अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि अब केवल तीन दिन शेष हैं, इसके बाद सोमवार से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया जाएगा। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के 17 दिसंबर 2024 के आदेश और अवमानना बाद में 27 जनवरी की सख्त टिप्पणियों अनुपालन में की जा रही है। न्यायालय ने स्पष्ट कहा है कि प्रत्येक अवैध निर्माण हटाया जाए। परिषद के अनुसार संबंधित परिसर में आवासीय भूखंड पर व्यावसायिक निर्माण कर उपयोग किया जा रहा है, जिसे लेकर पूर्व में कई नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब समयसीमा समाप्ति पर है और विभाग ने साफ कर दिया कि निर्धारित अवधि के बाद बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। खर्च की वसूली संबंधित पक्ष से राजस्व की तरह की जाएगी।
अब फैसला लेने की घड़ी आ चुकी महिलाओं का ऐलान
बुलडोजर की आहट के बीच अब बाजार ने भी अपनी आवाज बुलंद कर दी है। गुरुवार शाम सेंटर मार्केट के पूर्व पंचायत स्थल पर महिलाओं की बैठक में भावनाएं खुलकर सामने आई। • अलका मखीजा और सावित्री मालिक ने कहा कि 40 साल की मेहनत और परिवार की तपस्या से खड़ी की गई मार्केट को यूं बर्बाद होते नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि जब व्यापार ही नहीं रहेगा तो घर कैसे चलेगा? यह हमारी आर्थिक हत्या है। उनका कहना था कि अब तक सरकार और जनप्रतिनिधियों से उम्मीद थी, लेकिन बुलडोजर मंगाने की खबर ने भरोसा तोड़ दिया है। किसान मजदूर संगठन के महानगर अध्यक्ष विजय राघव ने कहा कि अब फैसला लेने की घड़ी आ चुकी है। हम अंतिम निर्णय लेंगे, आगे जो होगा देखा जाएगा। बैठक में राज मोगा, कौशल त्यागी, शिल्पी, सीनू शर्मा, स्नेहा कपूर, नेहा, पारुल, मीनाक्षी, सरधना शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। सभी व्यापारियों से अपील की गई कि वे आज सुबह 11 बजे परिवार सहित उसी स्थल पर पहुंचें, जहां आगे की रणनीति घोषित की जाएगी।
40 से 80 बुलडोजर से होगी कार्रवाई
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, अभियान के लिए 40 से 80 बुलडोजर तक की व्यवस्था की गई है, जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर चल रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई में लगाया जा सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूचना सामने आते ही बाजारों और प्रभावित इलाकों में हलचल बढ़ गई है। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यह पूरी कार्रवाई अदालती आदेशों के अनुपालन में की जाएगी। अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की सलाह दी है। संकेत साफ हैं कि निर्धारित समय सीमा के बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे और कानून के पालन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
आज एसएसपी से दोबारा मुलाकात होगी
आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता अभिषेक राज ने बताया कि नोटिस की अवधि में केवल तीन दिन शेष हैं। सोमवार से बुलडोजर अभियान शुरू किया जाएगा। इसके न लिए विभागीय टीम गठित की जा रही है। एसएसपी से पर्याप्त पुलिस बल की मांग की गई है और फोर्स उपलब्ध होते ही कार्रवाई की जाएगी। आज एसएसपी से दोबारा मुलाकात की जाएगी। नौचंदी थाना प्रभारी से भी समन्वय स्थापित कर लिया गया है। इस संबंध में डीएम से भी वार्ता हो चुकी है।
