Saturday, July 27

डोडा में 300 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 39 लोगों की मौत 16 घायल

Pinterest LinkedIn Tumblr +

डोडा 16 नवंबर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गत दिवस यात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसलकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई जिससे कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जेके02सीएन-6555 पंजीकरण संख्या वाली बस में करीब 56 यात्री सवार थे। यात्रियों से भरी यह बस बटोटे-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रुंगल-अस्सार के पास सड़क से फिसल गई और खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और कुछ शव बरामद किये गये हैं। इस हादसे में मृतकों की संख्या के बढ़ने की आशंका है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार वालों को दो लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये सहायता देने की घोषणा की है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार वालों को पांच लाख तथा घायलों को एक लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

पुलिस ने बताया कि सुबह सवारियों से भरी बस (नंबर जेके02 सीएन 6555) किश्तवाड़ से जम्मू के लिए चली थी। सुबह 11.50 बजे यह बस अस्सर के त्रंगल पुल के पास पहुंची और वहां एक तीखे मोड़ पर 300 फीट नीचे सड़क पर जा गिरी। जिस वक्त यह हादसा हुआ उसमें 56 यात्री सवार थे। दुर्घटनास्थल पर ही 36 सवारियों की मौत हो गई, जबकि 19 घायलों को स्थानीय निवासियों, पुलिस तथा सेना की मदद से मौके से निकाला गया। इनमें गंभीर रूप से घायल छह लोगों को एयरलिफ्ट कर सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू व डोडा रेफर किया गया। जम्मू में दो घायलों की मौत हो गई। एक घायल को जम्मू लाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार यह बस जर्जर थी और इसमें क्षमता से अधिक सवारी थे। इसी वजह से यह दुर्घटना हुई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल स्थानीय लोग पहुंच गए। पुलिस, सेना, एसडीआरएफ तथा अर्धसैनिक बलों के जवान भी मौके पर डट गए। तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में फंसे यात्रियों को निकाला गया। घायलों का पास के अस्पताल में इलाज कराया गया। छह गंभीर घायलों में चार को एयरलिफ्ट कर जम्मू लाया गया। मरने वालों में 37 की शिनाख्त हो चुकी है। दो की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। मरने वालों में से तीन बिहार, तीन छत्तीसगढ़, दो उत्तर प्रदेश तथा शेष डोडा, किश्तवाड़,कठुआ, रामबन व जम्मू के थे। मरने वालों में नौ महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में बस चालक व खलासी की भी मौत हो गई। चालक शकील अहमद डोडा का रहने वाला था। बस का मालिक अब्दुल क्यूम बोंजवाह का रहने वाला है। जबकि खलासी रंगील सिंह किश्तवाड़ के पाडर के रहने वाले थे।

दुर्घटना में मारे गए तथा घायलों की जानकारी हासिल करने के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। डीसी दफ्तर डोडा (01996233337), जीएमसी डोडा (01996233465), टोल फ्री नंबर 18001807122 व कंट्रोल रूम 9906320997 व 9596776203 पर फोन कर जानकारी ली जा सकती है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा।

Share.

About Author

Leave A Reply