Friday, July 26

एलडीए में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Pinterest LinkedIn Tumblr +

लखनऊ 26 सितंबर। विकास प्राधिकरण (एलडीए) में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष जायसवाल ने आज फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घर में परिवार के लोगों ने मृतक को फांसी के फंदे पर लटका देखा था। संतोष की पत्नी ने एलडीए वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एलडीए वीसी की प्रताड़ना और डांट से पति काफी मानसिक तनाव में थे। वह कई बार इसका जिक्र कर चुके थे।

संतोष की पत्नी मालती जायसवाल ने कहा कि एलडीए वीसी उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पहले ही कार्यालय में इंद्रमणि त्रिपाठी ने उनके पति के मुख्यालय में अभद्रता की थी। अब लगातार प्रताड़ना से आहत होकर संतोष जायसवाल ने यह कदम उठाया है। संतोष के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे और मां हैं। मालती ने कहा कि उनके पति के खिलाफ वीसी के सख्त रवैये की वजह से उनका परिवार बर्बाद हो गया है।

एलडीए में कार्यरत कुछ कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले वकीलों से भी एक विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि संतोष जायसवाल ने पैसे लिए थे और काम नहीं किया था। इसके बाद वकीलों का एक समूह उनके ऊपर प्रेशर भी बना रहा था।
एलडीए में संविदा पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमचंद्र तिवारी ने बताया कि एलडीए वीसी एक-एक कर कर्मचारियों को बाहर कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि नोएडा बेस एक फॉर्म को वीसी यहां पर शिफ्ट कर चुके हैं। अब उसमें पुराने लोगों को हटाकर धीरे-धीरे अपने लोगों को शिफ्ट कर रहे हैं। अभी तक तीन लोगों को हटाया गया है। जयसवाल भी उसमें से एक थे।

Share.

About Author

Leave A Reply