मेरठ 06 मई (प्र)। जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद की अध्यक्ष कुमारी सुशीला देवी का सोमवार की शाम को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सूरजकुंड श्मशान घाट पर पांच बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
अपर नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर की मौजूदगी में उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया । कुमारी सुशीला देवी अविवाहित थी और समाज के उत्थान के लिए काम करती थी। डिफेंस कालोनी की रहने वाले कुमारी सुशीला देवी के नाती रुद्रांश सिंह ने बताया कि उनकी नानी ने उनकी माता को गोद लिया हुआ था। उनकी नानी ने शादी नहीं कराई थी। उन्होंने 1967 में मेरठ कालेज से एमए बीएड किया था। उस जमाने में महिलाओं को बहुत कम लोग पढ़ाते थे।
रुद्रांश ने बताया कि उनकी नानी को काफी समय से कैंसर था। गले का कैंसर पूरे शरीर में फैल गया था और ब्लड कैंसर भी बन गया था। उनका उपचार चल रहा था। सोमवार की शाम 82 वर्षीय सुशीला देवी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनने के बाद जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद के सभी पदाधिकारी पहुंच गए। जिला प्रशासन से एसीएम पहुंचे। रूद्रांश ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इस दौरान जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद के महामंत्री कृष्णपाल सिंह, मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र, विमल अरोड़ा, राजीव कुमार गर्ग समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पिता भी थे स्वतंत्रता सेनानी रूद्रांश सिंह ने बताया कि उनकी नानी के पिता शिवदयाल सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने बताया कि उस जमाने में सुशीला एक ऐसी लड़की थी तो लड़कों क साथ स्कूल जाती थी और लोग विरोध करते थे। सुशीला देवी ने शादी नहीं करने का निर्णय लिया था।