मेरठ 17 मई (प्र)। बागपत रोड रेलवे रोड लिंक मार्ग का निर्माण कार्य पुनः आरंभ हो गया है। स्थानीय लोग स्वयं ही अतिक्रमण हटा रहे हैं। हालांकि काफी संख्या में लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया है। इसके साथ ही आशीर्वाद अस्पताल के पीछे सेना की तरफ दीवार निर्माण का कार्य आरंभ हो गया है। सड़क के दोनों तरफ 8 फीट की दीवार बनाई जाएगी। इसके लिए लोकनिर्माण विभाग ने पिलर का निर्माण शुरू कर दिया।
लिंक मार्ग को लेकर रक्षा मंत्रालय द्वारा 26 करोड़ 14 लाख 95 हजार 157 रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। निर्माण के लिए नौ करोड़ 15 लाख 23 हजार 305 रुपये की पहली किस्त दी गई। बागपत रोड लिंक मार्ग जन आंदोलन समिति के प्रवक्ता गौरव ने बताया कि लिंक मार्ग निर्माण में अतिक्रमण बहुत हद तक बाधा बना हुआ है। ऐसे में पहले दीवार बनाई जा रही है। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों ने जैन नगर के लोगों को समझाया भी है। स्थानीय पार्षद रोहित जैन ने बताया कि 1950 में जैन नगर कॉलोनी का निर्माण हुआ। तब यहां मकानों के पीछे सर्विस लाइन थी। समय के साथ लोगों ने अतिक्रमण कर सर्विस लेन पर पक्का निर्माण कर लिया। इतना ही नहीं उसके पीछे खाली भूमि पर सेफ्टी टैंक, बागीचे, सबमर्सिबल लगा लिए गए हैं। अब कुछ लोगों ने स्वयं अपने बागीचे और सेफ्टी टैंक हटा लिए हैं। निर्माण कार्य में बाधा न आए, इस बात को देखते हुए जैन नगर की तरफ नाली की जगह छोड़कर निर्माण कार्य किया जाएगा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता सतेंद्र सिंह ने बताया कि लिंक रोड निर्माण का काम लगातार चल रहा है आशीर्वाद अस्पताल की ओर से दीवार निर्माण के लिए पिलर खड़े किए जा रहे हैं।
कोई मकान नहीं तोड़ा जाएगा
भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज ने कहा कि जैन नगर के लोगों ने संपर्क किया था। उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि जैन नगर के लोगों के मकान नहीं तोड़े जाएंगे पक्के निर्माण के समानांतर दीवार का निर्माण होगा 8 फीट ऊंची दीवार बनाई जाएगी।
विधायक बोले- नहीं रुकेगा निर्माण कार्य
केंट विधायक अमित अग्रवाल ने बताया कि सेना द्वारा कहा जा रहा है कि जैन नगर के लोगों ने सेना की भूमि पर निर्माण कार्य किया है। इस संबंध में सरकारी दस्तावेजों से पुष्टि की जाएगी। बागपत रोड रेलवे रोड लिंक मार्ग का निर्माण कार्य किसी भी सूरत में नहीं रोका जाएगा सेना की तरफ दीवार बनाने का कार्य शुरू हो गया है।