Friday, October 24

त्योहार पर भी बिजली पानी को तरसे साबुन गोदाम व चंद्रलोक कालोनी के लोग

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 24 अक्टूबर (प्र)। गर्मी में शहरवासियों को सताने वाले बिजली कट गुलाबी मौसम में भी रुला रहे हैं। भैयादूज पर्व पर साबुन गोदाम और चंद्रलोक कालोनी में लोग बिजली- पानी को तरसते रहे। इन क्षेत्रों में लोगों को करीब 12 घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। दीपोत्सव पर्व पर ऊर्जा निगम द्वारा निर्वाध बिजली आपूर्ति का दावा किया गया था। बावजूद इसके भैयादूज पर पहले फाल्ट खोजने, फिर उसे दुरुस्त करने में इतना समय लगने से व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई। गुरुवार को दोपहर में दो बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो पाई। हालांकि अधिकारियों व क्षेत्रवासियों ने बिजली कट व दुरुस्त होने का समय अलग-अलग बताया।

भूमिगत केबल में फाल्ट होने से हर बार उसे ठीक करने में 10 से 12 घंटे लग रहे हैं। फाल्ट होने पर तुरंत दुरुस्त करने का दावा करने वाले अधिकारी इसका कोई समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं। टीपी नगर उपकेंद्र के टाउन – 4 फीडर में फाल्ट होने से सप्लाई बंद हो गई। पार्षद राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि बुधवार की रात 1.15 बजे बिजली गई थी। साबुन गोदाम और चंद्रलोक कालोनी के एक हजार घरों में बिजली गुल हो गई। उसी समय उपकेंद्र पर सूचना देने के लिए फोन किया गया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। कुछ घंटों बाद ही घरों में इन्वर्टर बंद हो गए। सुबह जब लोग उठे तो घरों में बिजली नहीं होने से दैनिक कार्यों के लिए पानी भी नहीं मिला। बताया कि सुबह छह बजे जब पूछा गया तो पता लगा कि फाल्ट ढूंढा जा रहा है।

साबुन गोदाम निवासी पुकार अग्रवाल और डा. हेमंत वर्मा ने बताया कि रिश्तेदार और मेहमान घर में आ गए और घर में पीने का पानी नहीं था। पार्षद ने बताया कि अगर फाल्ट रात में ही दुरुस्त करना शुरू कर दिया जाता तो सुबह तक लोगों को बिजली मिल जाती। क्षेत्रवासी अनिल अग्रवाल, हेमंत चौधरी, सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को फोन कर रोष जताया। अधिशासी अभियंता डीवी सिंह ने बताया कि बुधवार को रात दो बजे फाल्ट हुआ था। पेट्रोलिंग के बाद 11 केवी भूमिगत केबल में फाल्ट पाया गया। सुबह 10 बजे फाल्ट ठीक कर दिया गया। चंद्रलोक कालोनी के दो ट्रांसफार्मर के क्षेत्र में आपूर्ति दो बजे सुचारू हो पाई।

Share.

About Author

Leave A Reply