मेरठ 06 जनवरी (प्र)। मेरठ में आधारभूत संरचना को मजबूत करने और सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम को अवस्थापना विकास निधि से बड़ी सौगात दी गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक में कुल 56 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
इनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट भारत माता चौक (बेगमपुल) का है, जिस पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर हरिकांत अहलूवालिया और डीएम डॉ. वीके सिंह ने की। इस दौरान नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एमडीए उपाध्यक्ष संजय मीणा, पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अवस्थापना विकास निधि से प्रस्तावित विकास कार्याें में सबसे ज्यादा जोर शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था को सुधारने पर दिया गया है। लाइटों को ऑटोमेटिक चालू और बंद करने का सिस्टम विकसित किया जाएगा।
मुख्य मार्गाें पर विक्टोरिया लाइट लगाई जाएंगी तो चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर हाइमास्ट लाइट लगेंगी। लाइटों को ठीक करने के लिए हाइड्रोलिक एलीवेटर खरीदे जाएंगे। ईव्ज चौराहे (माधव चौक) से लेकर आंबेडकर चौक तक वेस्टर्न कचहरी रोड व्हाइट टॉपिंग तकनीक से बनाया जाएगा।
शहर के आठ प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि संसाधनों को बिखेरने के बजाय शहर के केंद्र बिंदु भारत माता चौक को प्राथमिकता दी जाए। इसके बाद चौक के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के लिए बजट 5 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए किया गया।
पल्लवपुरम को मिलेगा नया बारातघर
पल्लवपुरम क्षेत्र में नगर निगम की भूमि पर 3 करोड़ रुपए की लागत से नए बारातघर के निर्माण को मंजूरी दी गई। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने का फैसला भी लिया गया, जिससे कम रखरखाव में बेहतर रोशनी मिल सकेगी।
वीआईपी इलाकों की सड़कें होंगी दुरुस्त
सिविल लाइन क्षेत्र, सर्किट हाउस, कमिश्नरी और बच्चा पार्क से जुड़ी सड़कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस किया जाएगा। इन सड़कों का निर्माण सीएम ग्रिड योजना के तहत कराया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि रैपिड रेल शुरू होने के बाद दिल्ली रोड और उससे जुड़े इलाकों को प्राथमिकता में रखा जाएगा। भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भारत माता चौक और दिल्ली रोड का विकास किया जाएगा।
सफाई व्यवस्था पर डीएम सख्त
बैठक में डीएम ने शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ स्वच्छता शहर की पहचान होनी चाहिए।
ये प्रस्ताव हुए स्वीकृत
2.44 करोड़ से 17 प्राथमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जाएगा।
2 करोड़ से छह हाइड्रोलिक एलीवेटर पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए खरीदे जाएंगे।
3 करोड़ से ऑटोमेटिक स्ट्रीट लाइट बंद-चालू करने का सिस्टम विकसित होगा।
2 करोड़ से प्रमुख चौराहो व सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी।
3.61 करोड़ से कान्हा गोशाला परतापुर का उन्नयन किया जाएगा।
5.07 करोड़ से विभिन्न स्थानों पर 196 वेेंडिंग शाप बनाई जाएंगी।
10 करोड़ से 100 पार्कों में ओपेन जिम की स्थापना होगी।
3 करोड़ से पल्लवपुरम में मेडा से हस्तांतरित विवाह मंडप हाल का निर्माण होगा।
1.65 करोड़ से नई सड़क पर भूमिगत नाले का निर्माण।
4.50 करोड़ से माधवचौक से शंकर आश्रम होते हुए आंबेडकर चौराहे तक कंक्रीट की सड़क बनेगी।
5.21 करोड़ से सरदार पटेल इंटर कॉलेज शारदा रोड का कायाकल्प।
11 करोड़ से भारत माता चौक सहित पांच चौराहों का सौंदर्यीकरण।
2 करोड़ से मुख्य मार्गों पर विक्टोरिया लाइट लगाने का प्रस्ताव।
