मेरठ 08 अप्रैल (प्र)। टीपीनगर थाने में मीडिया के वीडियो बनाने पर रोक लगाने के आदेश की वीडियो प्रसारित होने के बाद चर्चा में आई सीओ ब्रह्मपुरी ने परतापुर थाने के लिए फरमान जारी कर दिया। थाना परिसर में फरियादियों के वाहन खड़े नहीं हो सकेंगे।
यानि फरियादियों को दिल्ली रोड पर वाहन खड़े कर ही अपनी शिकायत लेकर अंदर जाना पड़ेगा, क्योंकि उक्त वाहन खड़े करने के स्थान पर सीओ ने 50 गमले लगवा दिए। हालांकि थाने के स्टाफ की गाड़ियों की पार्किंग के लिए स्थान सुरक्षित रखा गया है। परतापुर थाने में गमले गले फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे है।
परतापुर थाना परिसर में 50 गमलों के अंदर पौधे लगाकर पुलिस ने सौंदर्यीकरण किया है। ताकि थाना सुंदर दिखाई देने लगे, पर जिस स्थान पर गमले रखे गए है, वहां पर फरियादियों के वाहन खड़े होते थे।
अब फरियादियों के लिए आदेश कर दिया कि वह सड़क पर वाहन खड़े करें, जबकि थाने के स्टाफ में प्रभारी, एसएसआइ, दारोगा, हेडकांस्टेबल और कांस्टेबल तथा होमगार्ड के वाहन खड़ा करने के लिए स्थान निश्चित कर दिए गए।
पुलिस के इस सौंदर्यीकरण से फरियादी थाने के अंदर तक नहीं पहुंच रहे हैं, सड़क पर वाहन खड़े होने से थाने का रास्ता ही बंद हो जाता है। ऐसे में फरियादियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मारपीट के मामले में कुंडा के अक्षय कुमार पहुंचे थे।
पुलिस ने उनकी बाइक को थाने से बाहर खड़ा करने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया। पुलिस के इस रवैये से फरियादियों में नाराजगी जाहिर की है, जबकि थाने के गेट पर फरियादियों के लिए आंगतुक कक्ष बना हुआ है। उसें भी मिशन शक्ति टीम उपयोग कर रही है।
यानि थाने में फरियादियों के बैठने का भी स्थान निश्चित नहीं है। ऐसे में सभी फरियादियों को सड़क किनारे ही बैठना पड़ रहा है। एसओ अजय शुक्ला का कहना है कि सीओ सौम्या अस्थाना ने गमले सौंदर्यीकरण के लिए लगवाए है। फरियादियों के वाहन थाने के बाहर ही खड़े कराए जाएंगे। वाहनों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है।
