मेरठ 18 मार्च (प्र)। मेरठ साउथ से मोदीपुरम स्टेशन के बीच नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन शुरू हुए मात्र 22 दिन हुए और भैंसाली स्टेशन के गेट नं. एक सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। यहां से गार्ड हटा दिए गए। स्टेशन के परिसर में अवैध वर्कशाप का संचालन शुरू हो गया एनआरसीटीसी के अधिकारी मौन बने हुए हैं। गत 22 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महानगर में मेरठ साउथ से मोदीपुरम स्टेशन के बीच देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की सेमी हाईस्पीड ट्रेन नमो भारत और देश की सर्वाधिक तेज गति वाली मेरठ मेट्रो के संचालन को हरी झंडी दिखाई थी।
भैंसाली स्टेशन अंडरग्राउंड स्टेशन हैं। इस स्टेशन के तीन गेट हैं। मेरठ मेट्रो के भैंसाली स्टेशन के गेट नं. एक का परिसर शहीद स्मारक के फ्रंट गेट से सटा है। इसके पीछे गंगा मोटर कमेटी का परिसर है। इसके बराबर से सदर थाने से होता हुआ वेस्ट एंड रोड को रास्ता जाता है। यहां कारों के अनेक वर्कशाप हैं। इस स्टेशन के गेट नं. एक के ऊपरी एप्रोच पर ड्रॉप ऑफ बने हैं। यहां लिफ्ट और एक्सकेलेटर लगे हैं। उद्घाटन के मौके पर 22 फरवरी को भैंसाली स्टेशन के इस गेट को भी सुंदर फूलों और रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया था। नमो भारत व मेरठ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर एसएसएफ के जवानों की तैनाती की गई।
एनआरसीटीसी ने हाल ही में भैंसाली स्टेशन के गेट नं. एक को बंद कर दिया। इसके बाद इस परिसर की स्थिति लावारिस जैसी हो गई। यहां मिस्त्रियों ने अवैध कब्जा कर लिया है। मिस्त्री इस परिसर में कारों की मरम्मत कर रहे हैं। खास बात है कि इन्हें कोई रोकने वाला नहीं मंगलवार की शाम करीब चार बजे इस परिसर में एक पेंटर एक कार की रबिंग करते हुए नजर आया, जिसे कैमरे ने कैद कर लिया गया। इसके अलावा दो अन्य कारें उक्त परिसर में और खड़ी मिलीं। इनमें एक कार के बॉनिट खोलकर मिस्त्री उसकी मरम्मत करते हुए नजर आया। इसे भी कैमरे में कैद कर लिया गया।
इस दौरान वहां कोई एसएसएफ का जवान या कोई गार्ड नजर नहीं आया। मिस्त्री से जब उसका नाम पूछा गया तो उसने नाम नहीं बताया। जब उससे पूछा गया कि मेट्रो स्टेशन परिसर में वर्कशाप कैसे चला रहे हो, उसने कहा कि उक्त परिसर बंद है, वे छोटी मोटी मरम्मत कर रहे हैं।
स्टेशन परिसर में कारों की मरम्मत की जानकारी नहीं
एनआरसीटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स जब स्टेशन परिसर में अवैध रूप से कारों की मरम्मत का कारखाना चलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में कारों की मरम्मत की जानकारी उन्हें नहीं है। इस मामले को दिखवाया जाएगा।
