मेरठ 07 जनवरी (प्र)। एसआईआर और बूथों के निर्धारण के साथ अब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। मेरठ जिले में 2027 विधानसभा चुनाव में 2981 बूथों पर मतदान होगा। ऐसा एक बूथ पर अधिकतम 1200 वोटर की संख्या निर्धारित करने के कारण हुआ है। जिले में 223 बूथ बढ़ाए गए हैं, जबकि जिले में वोटर संख्या पहले से घट गई है।
आमतौर पर किसी भी राज्य विधानसभा चुनाव की आयोग की तैयारियां चंद माह पहले रफ्तार पकड़ती हैं, लेकिन मेरठ समेत यूपी में करीब एक साल पहले ही बूथ स्तर पर मतदाता सूची समेत चुनाव संबंधी अन्य कामों पर ध्यान दिया जाने लगा है। इसके तहत वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के साथ बूथों का निर्धारण भी शामिल है। जिले में अब सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में बूथों की कुल संख्या 2758 से बढ़कर 2981 हो गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में बूथों की संख्या अब बढ़ गई है। एसआईआर के बाद वोटर को नए सिरे से बूथ निर्धारण के तहत मतदान की व्यवस्था की गई है।
बूथों पर लगती हैं लंबी कतारें
विधानसभा चुनाव 2022 के समय 1500 मतदाताओं पर एक बूथ का नियम था। इससे बूथों पर लंबी कतारें लगती थीं। इसलिए चुनाव आयोग ने फैसला किया है एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं रहेंगे। किसी बूथ पर इससे ज्यादा संख्या होने पर वहां बूथों की संख्या उसी अनुपात में बढ़ा दी गई है।
इस तरह बढ़ाए गए बूथ
विस क्षेत्र पहले बूथ अब हुए
सिवाखलास 371 390
सरधना 373 420
हस्तिनापुर 369 397
किठौर 395 413
मेरठ कैंट 439 474
मेरठ शहर 323 342
मेरठ दक्षिण 488 545
कुल 2758 2981
