Friday, October 31

लिंक रोडः मेडा को मिला अस्पताल से खरीदी गई जमीन पर मालिकाना हक, सर्वे आज

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 31 अक्टूबर (प्र)। लिंक रोड के लिए अस्पताल से खरीदी गई जमीन गुरुवार को मेडा के नाम हो गई। रजिस्ट्री के साथ ही मेडा को जमीन पर मालिकाना हक भी मिल गया और इस प्रोजेक्ट की राह में आई आखिरी बाधा भी हट गई। आज सैन्य अफसरों के साथ मेडा, कैंट बोर्ड, पीडब्ल्यूडी मिलकर लिंक रोड का सर्वे करेंगे ताकि आगे के कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।

लिंक रोड के लिए मेडा को दो जमीन खरीदनी पड़ी। पहला एक मकान था जबकि दूसरा हॉस्पिटल का 45.63 वर्ग मीटर का एक हिस्सा। मकान की रजिस्ट्री लगभग दस दिन पूर्व हो चुकी थी। जिसके बाद हॉस्पिटल वाली जमीन को खरीदने की तैयारी थी।
बुधवार सुबह रजिस्ट्री का समय निर्धारित रहा लेकिन सर्वर ठप हो गया। गुरुवार को भी दोपहर तक सर्वर डाउन रहा जिस कारण रजिस्ट्री नहीं हो सकी। शाम को सर्वर चला, जिसके बाद आशीर्वाद हॉस्पिटल के स्वामी डा. प्रदीप बंसल ने रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण की। रजिस्ट्री होते ही मेडा ने रकम ट्रांसफर कर दी।

बागपत रोड को रेलवे रोड से जोड़ने वाली इस लिंक रोड की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बामुश्किल जमीन की तलाश पूरी हुई लेकिन तीन प्रमुख बाधा सामने आ गईं। पहली बाधा सेना की अनुमति थी, जिसे जनप्रतिनिधियों की मदद से प्राप्त कर लिया गया। इसके बाद बागपत रोड की तरफ से रास्ते की तलाश शुरु हुई।

यहां एक मकान व हॉस्पिटल का चयन किया गया। दस दिन पूर्व मकान की भी रजिस्ट्री मेडा ने अपने नाम करा ली। अब हॉस्पिटल से 45.63 वर्ग मीटर के रूप में मिलने वाला जमीन का टुकड़ा था। मशक्कत के बाद उसे भी खरीद लिया गया।

जमीन से जुड़ी हर बाधा दूर हो चुकी है। लिंक रोड पर मेडा को मालिकाना हक प्राप्त हो गया है। शुक्रवार से यहां काम रफ्तार पकड़ेगा। दरअसल, गुरुवार को मेडा की तरफ से पवन भारद्वाज ने मौका मुआयना किया और शेष कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अब अगला कदम लिंक रोड की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना है, जिसके लिए आज सर्वे का काम पूरा होगा।

लिंक रोड के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए आज सर्वे होगा। इसमें सेना के अधिकारियों के साथ ही कैंट बोर्ड, पीडब्ल्यूडी, मेडा के अफसर भी शामिल रहेंगे।

Share.

About Author

Leave A Reply