मेरठ 10 नवंबर (प्र)। प्रदूषण को लेकर मेरठ समेत एनसीआर के जिलों की स्थिति रविवार को भी खराब स्थिति में रही। मेरठ प्रदूषण के मामले में रविवार को देश में चौथा और प्रदेश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। देश में सबसे खराब स्थिति हरियाणा के बहादुरगढ़ की रही, जहां का एक्यूआई 436 रहा। वहीं दिल्ली दूसरे और नोएडा तीसरे स्थान पर रहा। मेरठ और सहारनपुर मंडल में मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, खुर्जा, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद सभी की स्थिति अत्यंत खराब श्रेणी में दर्ज हुई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को पिछले 24 घंटे में देश में सबसे अधिक प्रदूषित शहर हरियाणा का बहादुरगढ़ रहा। उसके बाद दूसरे नंबर पर 370 एक्यूआई के साथ दिल्ली रहा। तीसरे नंबर पर नोएडा रहा, जहां का एक्यूआई 366 रिकार्ड हुआ। वहीं चौथे नंबर पर मेरठ है, जहां का एक्यूआई 353 रिकार्ड हुआ है। मेरठ के बाद गाजियाबाद में प्रदूषण अधिक रहा है, जहां का एक्यूआई 345 रिकार्ड हुआ।
देश और प्रदेश के प्रदूषित प्रमुख शहरों की स्थिति
शहर एक्यूआई
बहादुरगढ़ 436 दिल्ली 370 नोएडा 366 मेरठ 353 गाजियाबाद 345 ग्रेटर नोएडा 340 चरखी दादरी 338 हापुड़ 331 खुर्जा 327 रोहतक 323 बुलंदशहर 310 बागपत 308 मुजफ्फरनगर 305
मेरठ मंडल में हर शहर की स्थिति खराब
मेरठ मंडल में मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, बागपत, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और हापुड़ सभी की स्थिति खराब रही। इन सभी शहरों में प्रदूषण का एक्यूआई रविवार को पिछले 24 घंटे में 300 से अधिक रिकार्ड हुआ। मेरठ और नोएडा का एक्यूआई 350 से अधिक रहा।
शहर का AQI
गंगानगर : 331 जयभीम नगर : 353 पल्लवपुरम : 370 बेगमपुल : 341 दिल्ली रोड : 348
तापमान में लगातार गिरावट
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मौसम वेधशाला के अनुसार अधिकतम तापमान : 28.3°C और न्यूनतम तापमान : 12.5°C दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है और आने वाले दिनों में यह असर और तेज़ होगा। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
