मेरठ 19 जनवरी (प्र)। मेरठ सहित वेस्ट यूपी में रविवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। सुबह 11 बजे धूप निकली। इसके बाद दिनभर धूप के बीच मौसम लगभग साफ रहा। हवा की धीमी रफ्तार और तेज धूप के बीच दिन के तापमान सामान्य से ऊपर चले गए, जबकि रात के तापमान फिर से पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। वहीं सोमवार सुबह मौसम साफ दिखाई दिया। मेरठ प्रदेश का तीसरा सबसे ठंडा शहर रिकार्ड किया गया।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी तक रात में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने के आसार हैं। इसके बाद बादल-बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
मौसम के बदलाव के साथ ही शहर की हवा जहरीली हो गई है। पल्लवपुरम में रविवार रात 10 बजे एक्यूआइ 406 दर्ज किया गया। 400 से अधिक एक्यूआइ वायु प्रदूषण की अत्यंत गंभीर स्थिति को दर्शाता है। पीएम 2.5 की मात्रा 500 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गई। यहां एक मिनट भी हवा सांस लेने योग्य नहीं रही। रात में कार्बन मोनो आक्साइड की मात्रा भी खराब स्थिति में रिकार्ड की गई। सुबह के समय और शाम होने के बादमें सुबह 7.30 बजे दृश्यता लगभग 10 मीटर थी। तड़के तो दृश्यता शून्य तक हो गई थी। सुबह 10.30अति सूक्ष्म प्रदूषित कण और गैसें स्माग के रूप में वातावरण में छा रही हैं। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से दृश्यता कम हो रही है।
मेरठ नौवां प्रदूषित शहर
एनसीआर में हवा की सेहत फिर से बिगड़ने लगी है। मेरठ समेत आसपास के जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स लाल श्रेणी में पहुंचकर 354 दर्ज किया गया जबकि दिल्ली में 436 और पड़ोसी जिलों गाजियाबाद में 453, ग्रेटर नोएडा 402, हापुड़ 300, नोएडा 429, मुजफ्फरनगर 327 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया। देश के 235 शहरों की सूची भी मेरठ नौवां सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया।
गंगानगर में 286, जयभीम नगर में 369, पल्लवपुरम में 406, बेगमपुल में 373, दिल्ली रोड 381 एक्यूआई दर्ज किया गया। पल्लवपुरम सबसे प्रदूषित इलाका रहा।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम ने बताया कि अगले दो दिनों तक कोहरा और ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट संभव है। मौसम विभाग के अनुसार 21 तक सुबह के वक्त कुछ हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा, दिन में अच्छी धूप रहने के आसार हैं। 21 जनवरी की रात या 22जनवरी की सुबह से मेरठ सहित वेस्ट यूपी के मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाएगा।
