मेरठ 30 दिसंबर (प्र)। उत्तर प्रदेश में जारी भयंकर ठंड व कोहरे की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. वहीं मेरठ में पिछले एक सप्ताह से लगातार तापमान में गिरावट और कोहरे की बढ़ोतरी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। मंगलवार को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला। सुबह के समय आसमान साफ रहने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी और लोग घरों से बाहर निकले।
एक जनवरी तक पूरे क्षेत्र में घने कोहरे, शीतलहर और सर्द दिन की स्थितियां कायम रहेंगी। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोतरी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन दिन में कोहरा, शीतलहर और सर्द दिन तीनों मिलकर हाड़ कंपाएंगे। 72 घंटे में दिन के तापमान में व्यापक गिरावट के आसार हैं। धूप में और कमी आ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मेरठ में घने कोहरे से दृश्यता केवल 40 मीटर तक सिमट गई। दिन का तापमान 16.5 एवं रात का 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार के सापेक्ष दिन में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई जबकि रात में 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी। इससे दिन में पारा सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ और रात का 2.6 डिग्री सेल्सियस ऊपर। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ से रात का तापमान एक जनवरी तक 10-11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके बाद इसमें तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। आद्रता का स्तर सौ फीसदी तक हेाने, हवा की धीमी रफ्तार और कम तापमान कोहरे की चादर को और घनी करने जा रहे हैं। ऐसे में एक जनवरी तक मेरठ में किसी बड़ी राहत के आसार नहीं हैं।
सोमवार को मेरठ का एक्यूआई 316 दर्ज हुआ। मेरठ देश का नौंवा और प्रदेश का चौथा सबसे प्रदूषित शहर रहा। एक्यूआई 410 के साथ नोएडा देश-प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। हवा की गुणवत्ता में 48 से 72 घंटे तक और गिरावट की आशंका है।
कल रात 12 बजे नए साल के स्वागत के वक्त मेरठ में न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। लेकिन नए साल यानी एक जनवरी को कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि नए साल पर दिन में कड़ाके की सर्दी और कोहरे से बहुत राहत की उम्मीद नहीं है।
मौसम वैज्ञानिक डाॅ यूपी शाही के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र पर हो रही बर्फ बारी के कारण मैदानी क्षेत्र का मौसम प्रभावित हो रहा है । नए साल पर कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदा बांदी के भी आसार है । इसके बाद ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अभी कोहरा भी और ज्यादा बढ़ेगा। इसके साथ ही शीतलहर से ठिठुरन और गलन भी लोगों को परेशान करेगी। साथ ही उन्होंने अपील करते हुए कहा कि आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से निकलें।
