मेरठ 16 दिसंबर (प्र)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का काम जनपद के 2,758 बूथों पर 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इस दौरान जनपद में छह लाख 48 हजार एएसडी यानी मृतक, शिफ्ट, डबल व अनुपस्थित मतदाता मिले हैं। जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने 2,758 बूथों पर इन छह लाख 48 हजार मतदाताओं का सत्यापन कराने के लिए 275 अधिकारियों को जिम्मा सौंपा है। प्रत्येक अधिकारी को 10 बूथ दिए गए हैं। वह सत्यापन करेंगे कि आखिर मृतक कौन हैं, डबल वोट किनकी है और अनुपस्थित कौन हैं। सोमवार से यह काम शुरू कर दिया गया है।
मृतक शिफ्ट, डबल, अनुपस्थित में कौन हैं मतदाता, ऐसे समझें
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरने के दौरान अगर परिवार के सदस्यों ने बता दिया कि उनके परिवार के मुखिया की मौत हो गई तो उसे मृतक में शामिल कर लिया। वहीं, जो लोग अपने मुहल्ले या गांव को छोड़कर चले गए, उन्हें शिफ्ट की श्रेणी में रखा गया है। डबल में वह मतदाता शामिल हैं, जिनकी एक से अधिक वोट है। अनुपस्थित में वह मतदाता रखे गए हैं, जो मुहल्ला या गांव छोड़ चले गए और उनकी जानकारी नहीं है। सत्यापन होने के बाद मांगे जाएंगे आपत्ति दावे रू सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सत्यापन के बाद बूथों पर मतदाता सूची को चस्पा किया जाएगा। इसके बाद लोगों से आपत्ति और दावे मांगे जाएंगे। यदि किसी का वोट नहीं बना है और सूची में रह गया है तो वह आपत्ति कर सकता है। यदि किसी का वोट गलत बन गया है तो वह भी आपत्ति दर्ज करा सकता है।
कवाड़ी बाजार की 172 महिलाएं अनुपस्थित की सूची में शामिल
मेरठ के कबाड़ी बाजार में कोठों पर डांस करने वाली 172 महिलाओं की भी वोट थी। बीएलओ जब यहां गणना प्रपत्र लेकर पहुंचे तो वो महिलाएं नहीं मिलीं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इन कोठों को बंद करा दिया था। तब से ये महिलाएं गायब हैं। इसलिए इन 172 महिलाओं को अनुपस्थित की श्रेणी में रखा गया है।
