मेरठ 21 दिसंबर (प्र)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है और सपा संविधान-लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ रही है। पिछले चुनाव में जनता ने इंडिया गठबंधन को दिए समर्थन से भाजपा बौखला गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मेरठ में पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर और सपा प्रदेश सचिव गजनफर अलवी की पुत्रियों के शादी समारोह में शिरकत की। मेरठ दौरे के दौरान बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठी कहानी रचती रहती है। संसद में सांसदों के घायल होने का भी यही किस्सा है। भाजपा संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है। विपक्ष लगातार यूपी विधानसभा और देश की सबसे बड़ी पंचायत लोकसभा में आवाज उठा रहा है, लेकिन भाजपा न तो चर्चा करना चाहती है और ना ही विपक्ष की बात सुनना चाहती है।
उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा। ऐसा कतई नहीं होने देंगे। सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे। सूबे में 2027 में जनता परिवर्तन करेगी। हम चाहते हैं लोगों को न्याय मिले उनके जीवन में बदलाव आए।
आरएसएस प्रमुख संगठन और सरकार को देते सीख-सबक: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि आरएसएस प्रमुख जो बयान दे रहे हैं, उन्हें पहले से यह बात भाजपा संगठन और सरकार को समझानी चाहिए थी। संभल में जो हुआ क्या उसे अब वापस कर पाएंगे। सपा सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का झूठा मुकदमा लिख दिया। निर्दोष लोगों की जान चली गई। प्रदेश सरकार पीड़ितों की मदद करे और उनके परिवार को सहारा दें।
अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिमी यूपी गन्ना बेल्ट है, लेकिन यहां किसान समस्याओं से त्रस्त है। सरकार उनकी आवाज नहीं सुन रही। गन्ना किसानों को बकाए का भुगतान नहीं हो रहा। किसानों को फ्री बिजली नहीं मिल रही। आम जनता महंगी बिजली से त्रस्त है।
अखिलेश यादव के साथ आए विधायक अतुल प्रधान
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ विधायक अतुल प्रधान फ्लाइट से दिल्ली और फिर कार से उनके साथ मेरठ दौरे में रहे। अखिलेश यादव के साथ अतुल प्रधान वापस दिल्ली भी गए। अतुल प्रधान ने उन्हें डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र भेंट किया। सपा जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, जिला महासचिव योगेंद्र शोल्दा, निरंजन सिंह ने भी अखिलेश यादव को डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट किया।