Saturday, April 18

मेला नौचंदी को शुरू कराने की तैयारी में जुटा जिला पंचायत

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 16 अप्रैल (प्र)। परंपरागत शुभारंभ के पूरे एक महीने बाद मेला परिसर में अब जाकर मेला नौचंदी की तैयारियों में तेजी आने का सिलसिला शुरू हुआ है। पूरे एक माह तक मेला परिसर को उसके हाल पर छोड़ने के बाद अब जिला पंचायत के अधिकारी इस कोशिश में हैं कि मेला नौचंदी जल्द शुरू हो जाये। यही वजह है कि मेला परिसर में दुकानों की मरम्मत के साथ उनकी रंगाई-पुताई के काम में तेजी आ गयी है। उत्तर भारत के ऐतिहासिक मेला नौचंदी का परंपरागत शुभारंभ 15 मार्च को किया जा चुका है।

परंपरागत शुभारंभ करने के लिए मेला नौचंदी के शहीद द्वार पर विशेष सजावट की गयी थी इसको रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया था। यहां से लेकर सांप्रदायिक एकता के प्रतीक चंडी देवी मंदिर व वाले मियां मजार तक के मार्ग की भी सफाई कराने के साथ वहां तक भी सजावट की गयी थी। मेला नौचंदी का परंपरागत शुभारंभ होने के पूरे एक महीने बाद मेला परिसर में तैयारियों में तेजी आ रही है। शहीद द्वार के पास की दुकानों की मरम्मत जा रही है तो जय जवान जय किसान बाजार में दुकानों की रंगाई पुताई का काम चल रहा है। जबकि मोहन द्वार के पास लगने वाली प्रदर्शनी के परिसर को समतल किया जा रहा है। ताकि इस परिसर के अंदर दुकानें लग सकें। पटेल मंडप के चारों तरफ बाऊंड्री वॉल के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। जबकि पटेल मंडप के सामने से शहीद द्वार को जाने वाले मार्ग पर क्यारियों में कंटीली तार लगाई गई हैं।

हालांकि अभी यहां जगह-जगह गड्ढे और कूड़े के ढेर भी लगे हुए हैं। लेकिन इनकी सफाई के लिए जिला पंचायत ने नगर निगम के अधिकारियों से बात की है। साथ ही उन्हें कहा है कि शहर से निकलने वाला कूड़ा वहां मेला परिसर या इसके आसपास फिलहाल न डाला जाये। तैयारियों को देखकर अंदाज लग रहा है कि मेला इसी माह के अंत तक शुरू हो जायेगा।

जिला पंचायत मेरठ के अपर मुख्य अधिकारी वी. एस कुशवाहा ने बताया कि क्योंकि मेले में बड़ी संख्या में हर दिन लोग अपने परिवार के साथ आते हैं, इसके लिए विशेष इंतजाम रहेंगे. नौचंदी मेला स्थल पर जो भी मूर्तियां हैं, उन्हें सजाया संवांरा जा रहा है. ODOP के तहत उत्पादों को लेकर फ्री में दुकानें देंगे, जिससे लोग उनका प्रचार-प्रसार कर सकें. इसके लिए 40 दुकानें ऐसे लोगों के लिए रिजर्व की गई हैं, जिनमें स्वयं सहायता समूह, किसानों के समूह, व्यवसायी आदि होंगे.

Share.

About Author

Leave A Reply