Monday, November 24

हाईवे पर रेस्टोरेंट संचालक को लाठी डंडों और हॉकी से पीटा

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 29 मई (प्र)। हाईवे पर खिव चौक के पास मॉडल शॉप के बाहर सोमवार रात चार हमलावरों ने खुलेआम गुंडागर्दी की। उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक पीयूष को बेरहमी से पीटा। वे उसे लाठी-डंडों और हॉकी से पीटते रहे। हमले में सिर व पैर में चोट लगने से पीयूष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हाईवे स्थित डाबका गांव के निवासी बेटी ने बताया कि उनके बेटे पीयूष का खिव रोड पर तंदूरी चौधरी के नाम से रेस्टोरेंट है दो दिन पूर्व एक बाइक सवार तीन युवक रेस्टोरेंट पर पहुंचे थे। यहां लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इन युवकों ने रेस्टोरेंट कारीगर के साथ अभद्रता की थी। उनके बेटे ने इसका विरोध किया था।

आरोप है कि सोमवार रात पीयूष रेस्टोरेंट बंद कर घर आ रहा था। खिर्वा फ्लाईओवर के पास वह कार से निकलकर बाहर खड़ा हो गया था। इसी दौरान पीछे से पैदल आए चार हमलावरों बादल, नकुल युवक अभिमन्यु व एक अन्य ने उनके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में लहूलुहान हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली तमंचे के अंदर फंस गई। पीड़ित का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग गए।

जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पीयूष को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना के समय किसी राहगीर ने मोबाइल में वीडियो बना लिया बाद में यह वायरल हो गया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। इस मामले में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हमलावरों में नहीं दिखा पुलिस का खौफ
चारों हमलावर खुलेआम लाठी- डंडे लेकर पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक को पीट रहे थे। बीच- बचाव में आए कुछ राहगीरों को भी हमलावरों ने धमकाकर भगा दिया। हमलावरों में पुलिस का खौफ नहीं दिखाई दिया। उन्होंने होटल संचालक को पुलिस कार्रवाई करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।

Share.

About Author

Leave A Reply