मेरठ 08 जनवरी (प्र)। गढ़ रोड स्थित सोहराबगेट रोडवेज बस अड्डा हवाई अडडे की तर्ज पर बनने का रास्ता साफ हो गया है। फरवरी में बस अड्डा टूटना शुरू हो जाएगा। इससे पहले हापुड़ रोड पर बिजली बंबा पुलिस चौकी के सामने बिजली घर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर अस्थाई सोहराबगेट बस अड्डा संचालित करना होगा। इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों ने तैयारी कर ली हैं। सोहराबगेट डिपो बस अड्डे से सामान समेटने की तैयारी चल रही है।
उप्र सरकार ने सोहराबगेट बस अड्डे को हवाई अड्डे की तर्ज पर बनाने का निर्णय लिया है यह बस अड्डा पीपीपी मॉडल पर तैयार किया जाएगा। बस अड्डे के निर्माण का ठेका एक प्राइवेट कंपनी को दे दिया गया है। सोहराबगेट से लखनऊ, मुरादाबाद, आगरा, बुलंदशहर, हापुड़, राजस्थान आदि स्थानों के लिए 200 बसें चलती हैं। मॉडल बस अड्डा निर्माण शुरू होने से पहले रोडवेज बस अड्डे की पुरानी बिल्डिंग को गिराया जाएगा। इससे पहले बस अड्डे को हापुड़ रोड स्थित बिजली बंबा पुलिस चौकी के सामने बिजली घर के पीछे स्थानांतरित कर दिया जाएगा अस्थाई बस अड्डे के लिए एमडीए से किराए पर ली गई जमीन का परिवहन निगम के अधिकारियों ने सर्वे भी कर लिया है। जिसपर इसी माह चार दिवारी और टीन शेड डालने का काम शुरू हो जाएगा।
बस अड्डे की जमीन पर उग रही है गोभी और गेहूं की फसल
हापुड़ रोड पर सोहराब गेट बस अड्डे के लिए चयनित की गई जमीन पर गोभी और गेहूं की फसल उग रही है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने संबंधित किसान को जमीन खाली करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। एमडीए की जमीन पर किसी व्यक्ति ने मनमर्जी से फसल बोयी हुई है। अगर किसान ने शीघ्र जमीन खाली नहीं की तो कानूनी कार्रवाई होगी।
सोहराबगेट डिपो और नौचंदी ग्राउंड से भी चलायी जा सकती हैं कुछ बसें
सोहराबगेट बस अड्डा शहर के भीतर होने के कारण यात्रियों की कमी नहीं रहती। जब बस अड्डा बिजली बंबा बाईपास पर पुलिस चौकी के सामने संचालित हो जाएगा तो यात्रियों की कमी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। जिसकी भरपाई के लिए परिवहन निगम के अधिकारी यात्रियों की सुविधा के लिए सोहराब गेट अड्डे के बाहर और नौचंदी मैदान से चार से पांच बसों के संचालन की अनुमति के प्रयास में जुटे हैं। सोहराबगेट डिपो की बसों का रखरखाव मेरठ डिपो की वर्कशॉप में होगा। एनसीआरटीसी ने मेरठ डिपो की जमीन खाली कर दी है। वहां पर दो पेट्रोल पंप हैं जिनमें से एक पंप से सोहराबगेट डिपो की बसों को डीजल मिलेगा।
