Tuesday, February 17

फायरिंग कर होटल स्वामी से मांगा पांच लाख का गुंडा टैक्स

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 08 जनवरी (प्र)। बागपत रोड स्थित सुमित होटल पर फायरिंग कर पांच लाख रुपये गुंडा टैक्स मांगा गया। रकम नहीं देने पर आरोपितों ने स्वामी को होटल संचालित करने पर हत्या की धमकी दी। पीड़ित होटल स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ रंगदारी, हत्या की धमकी और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना सीओ को सौंपी है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित बागपत रोड स्थित अन्य दुकानदारों से भी रंगदारी मांग चुके हैं।

कंकरखेड़ा के भोला रोड पठानपुरा निवासी सुमित कुमार ने जानी थानाक्षेत्र के बागपत रोड पर होटल खोल रखा था। होटल का संचालन सुमित के भतीजे मोंटू जाटव करते हैं। उनका आरोप है कि कुछ समय सेपुर निवासी दीपक भड़ाना और परतापुर के कुंडा निवासी निशांत भड़ाना होटल का संचालन करने के एवज प्रतिमाह रकम मांगते हैं। धमकी देते हैं कि बागपत रोड के सभी होटल बिना हमारी मर्जी के संचालित नहीं होते। दीपक और निशांत ने मोंटू से पांच लाख रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर होटल बंद करने और हत्या की धमकी दी।

आरोपितों के डर से 15 दिसंबर को मोंटू ने होटल बंद कर दिया। 20 दिसंबर को दीपक और निशांत सफारी गाड़ी में अपने दस साथियों के साथ होटल पर पहुंचे। सभी के हाथ में रिवाल्वर और तमंचे थे। उन्होंने होटल के बाहर फायरिंग कर हत्या की धमकी दी। होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई। खौफजदा पीड़ित पक्ष ने जानी थाना पुलिस को सूचना दी।

इंस्पेक्टर जानी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक भड़ाना भी पहले होटल संचालन करता था । निशांत भड़ाना सपा से जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। दोनों ही बागपत रोड पर व्यापारियों को परेशान कर वसूली करते हैं। पुलिस ने सुमित की तरफ से दीपक, निशांत समेत 12 युवकों के खिलाफ रंगदारी मांगने, हत्या की धमकी और एससी-एसटी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार को विवेचना दी गई है।

सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि सफारी गाड़ी पर सपा का पोस्टर लगाकर दोनों आरोपित साथियों के संग बागपत रोड के व्यापारियों पर रौब गालिब करते हैं। हर माह व्यापारियों से वसूली की शिकायत भी मिल रही है। होटल स्वामी की तहरीर पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपित फरार हैं।

Share.

About Author

Leave A Reply