Tuesday, October 14

पंचवटी कालोनी में साफ्टवेयर इंजीनियर के घर चोरी, देखभाल करने वाली महिला पुलिस की हिरासत में

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 18 जनवरी (प्र)। पंचवटी कालोनी की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टूटी दीवार खतरा बनी है। साफ्टवेयर इंजीनियर के घर को खंगालने वाले बदमाश भी टूटी दीवार कूद कर अंदर आए थे। सुरक्षा गार्ड देवेंद्र और सतीश ने बताया कि पांचों बदमाश कालोनी में आने के बाद छिपकर घूमे। पूरा मूवमेंट देखने के बाद साफ्टवेयर इंजीनियर के घर में घुसे। घटना के बाद पुलिस ने घर की देखभाल करने वाली महिला कर्मचारी सुधा को हिरासत में लिया है। सुधा की ड्यूटी थी कि सुबह-शाम घर में साफ-सफाई करे।

मोहित सिंगापुर में रहते हैं, दीपक मुंबई में सीए हैं। इनके पिता वीके सिंह की काफी पहले मौत हो गई थी। जबकि मां कुशल सिंह की भी तीन साल पहले मौत हो गई थी। पहले वीके सिंह की मृत्यु के बाद कुशल सिंह ही घर की देखभाल करती थीं। तब से ही महिला कर्मचारी सुधा घर पर काम करती है। कुशल सिंह की मृत्यु के बाद घर खाली हो गया। हालांकि दोनों बेटों के परिवार जब भी मेरठ आते हैं तो इसी घर में रुकते हैं। मोहित ने सुधा को ही घर की जिम्मेदारी सौंप रखी थी। गुरुवार शाम को सुधा घर पर घूम कर गई थी। वहीं, पुलिस मान रही है कि बदमाश पहले रेकी कर चुके थे।

गेट बंद कालोनी में भी असुरक्षा
पंचवटी गेट बंद कालोनी है। यहां पर हर समय सुरक्षा गार्ड रहते है। आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकार्ड भी चेक होता है। सर्दी में रात को सुरक्षा गार्ड सिर्फ मुख्य गेट पर बैठ जाते हैं। उसके बाद कालोनी के पीछे की तरफ चक्कर नहीं लगाते। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने कालोनी में प्रवेश कर घटना को अंजाम दिया है। कालोनी के लोगों का कहना है कि गाडों की रात में घूमने की ड्यूटी लगा दी है।

पूरे घर का सामान खंगाला गया
घर के अंदर प्रत्येक कमरे में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। समूचे घटनाक्रम को देखकर यह लग रहा था कि बदमाश करीब दो से तीन घंटे तक घर के अंदर रहे। उन्होंने सभी कमरों को आराम से खंगाला और लाकर भी तोड़ दिए। हालांकि मंदिर में रखे चांदी के सिक्के और रकम बदमाश उठाकर नहीं ले गए। मंदिर में रखा सभी सामान सुरक्षित मिला है।

Share.

About Author

Leave A Reply