Saturday, January 31

दिल्ली रोड पर डिफेंडर में सवार होकर अराजकता मचाई

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 30 जनवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। दिल्ली रोड का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो में एक करोड़ की लग्जरी डिफेंडर गाड़ी में सवार होकर युवक जमकर हुड़दंग मचा रहे हैं। उनके पीछे पांच से सात गाड़ियों का काफिला चल रहा है। सभी कारों से युवक खिड़की और सनरूफ से बाहर निकलकर हंगामा कर रहे हैं। यह वीडियो दिल्ली रोड के ब्रह्मपुरी रैपिड स्टेशन के पास बनाया गया है।
वीडियो में दिख रहा है कि युवक डिफेंडर गाड़ी में सवार होकर हुड़दंग मचाते हुए चल रहे हैं। डिफेंडर के पीछे पांच से सात कारों का काफिला चल रहा है। सभी कारों में युवक खिड़की और सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग मचा रहे हैं। डिफेंडर की छत पर सफेद लाइट भी लगा रखी है। बेगमपुल की तरफ से यह कार दिल्ली की तरफ जाती हुई दिखाई दे रही है। जो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, वह रैपिड के ब्रह्मपुरी स्टेशन का है। जिस तरह के कपड़े पहनकर युवक हुड़दंग मचा रहे हैं, उससे साफ है कि किसी शादी समारोह में जा रहे हैं। डिफेंडर का नंबर यूपी-14जीक्यू 8666 है, जो अलतमस कुरैशी निवासी हबीब कंपाउंड गाजियाबाद के नाम पर रजिस्टर्ड है। वीडियो में कोहरा भी दिखाई दे रहा है। वीडियो रात करीब आठ बजे का है। सभी कार में सवार होकर युवक आपस में रेस लगा रहे थे। खिड़कियों से बाहर निकलकर अन्य वाहन स्वामियों पर टिप्पणी भी करते नजर आए। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि वीडियो के आधार पर सीओ ब्रह्मपुरी की निगरानी में कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वीडियो में दिखाई देने वाले सभी वाहनों के नंबर जुटाए जा रहे हैं। कुछ वाहन गाजियाबाद और कुछ मेरठ के हैं।
बीते दिनों बेगमपुल और गढ़ रोड पर भी कार सवारों ने मचाया था हुड़दंग रू 26 दिसंबर को बेगमपुल पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कारों में सवार होकर जमकर हुड़दंग मचाया था। अभी तक सभी आरोपित पुलिस पकड़ से दूर हैं। उसके बाद 21 जनवरी को बेगमपुल से बच्चा पार्क तक कार सवारों ने हुड़दंग मचाया। वीडियो प्रसारित होने के बाद सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपितों को पकड़कर कार सीज कर दी थी।

Share.

About Author

Leave A Reply