Monday, January 26

इस सप्ताह यूं ही सताएगी सर्दी, पाला भी कर सकता है परेशान

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 13 जनवरी (प्र)। कड़ाके की ठंड के विविध रंग एक साथ दिख रहे हैं। तड़के हाड़ कंपाने वाली ठंड, सुबह के समय शहर के बाहरी इलाकों में कोहरा, दिन में खिली धूप और शाम होते ही फिर से सर्दी का सितम 24 घंटे के अंतराल में मौसम में इतने बदलाव विज्ञानियों का भी ध्यान खींच रहे हैं।
उच्चतम और न्यूनतम तापमान में अंतर 14.6 डिग्री पहुंच गया है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लगातार दूसरे दिन तापमान पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 17 जनवरी तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। पाला पड़ने की आशंका है। पिछले दिनों हिमालय के ऊपरी क्षेत्र में बर्फबारी हुई थी। वहीं से चल रही उत्तर-पश्चिमी हवा मेरठ और एनसीआर का रुख किए हैं। दिल्ली सफदरजंग में भी न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

दोपहर लगभग ढाई बजे दर्ज किया जाने वाला अधिकतम तापमान सोमवार को 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सूरज अस्त होते ही शाम साढ़े पांच बजे पारा लुढ़ककर 15 डिग्री पर आ गया। जैसे-जैसे रात घिर रही है, तापमान तेजी से गिर रहा है। इसी कारण सोमवार को खिली धूप की हल्की तपन ठंड से राहत का अहसास करा रही थी। गलियों और छतों पर लोग धूप सेकते नजर आए। सरकारी कार्यालयों में कक्ष के अंदर बैठने के बजाय लोग बाहर बैठे रहे।

मेरठ कालेज के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष डा. कंचन सिंह ने बताया कि ठंडी हवा भारी होने के कारण नीचे की ओर आती है। सुबह के समय आर्द्रता का प्रतिशत उच्च बना हुआ है। प्रदूषक कण और गैसों का जमाव होने से कोहरा या धुंध स्माग का रूप ले रही है। कई स्थानों पर काफी कम दृश्यता है। दिन में धूप निकलने के कारण हवा गर्म होकर ऊपर उठती है। हवा का पहले नीचे और फिर ऊपर की और सर्कुलेशन होने से दो-तीन दिनों से वायु की गुणवत्ता का स्तर 300 से कम बना है। शाम होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है।

कृषि प्रणाली संस्थान के वरिष्ठ मौसम कृषि विज्ञानी डा. एम शमीम का कहना है कि इस समय पृथ्वी की सूरज से दूरी अधिकतम है। सूरज से आने वाला सोलर रोडिएशन लोड कम है। 14 जनवरी के बाद जब सूरज उत्तरायण में आएगा तब यह दूरी कम होनी शुरु होगी। 17 जनवरी तक यही स्थिति रहेगी। पारा और गिर सकता है, जिससे सुबह-शाम ज्यादा ठंड महसूस होगी। पाला पड़ने की आशंका है। गेहूं के लिए मौसम उपयुक्त है। फसलों को पाले से बचाने के लिए शाम होने के बाद हल्की सिंचाई करनी चाहिए।

प्री-नर्सरी से नौवीं तक आज और कल रहेगी छुट्टी
डीएम डा. वीके सिंह ने कड़ाके की सर्दी एवं कोहरे के चलते जिले के प्री- नर्सरी से लेकर कक्षा नौ तक के विद्यार्थियों की 13 व 14 जनवरी को भी छुट्टी कर दी है। यह आदेश सभी बोर्ड के स्कूलों पर सख्ती के साथ लागू होगा। साथ ही कक्षा 10 से 12 तक अध्ययनरत छात्र- छात्राओं के लिए विद्यालय संचालन का समय सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि विद्यालयों में परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी। उन्होंने आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश सभी प्रधानाचार्यों को दिए हैं।

डीआइओएस ने यह भी बताया कि यूपी बोर्ड के स्कूलों में चल रही 10 वीं एवं 12 वीं की प्री बोर्ड की 15 जनवरी की परीक्षाएं अब 14 जनवरी को आयोजित की जाएगी। क्योंकि शासन ने 14 के बजाय अब 15 जनवरी को मकर संक्रांति का सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।

Share.

About Author

Leave A Reply