Saturday, April 25

मेरठ से प्रयागराज तक के सफर में 14 जगहों पर देना होगा टोल टैक्स

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 25 अप्रैल (प्र)। उत्तर प्रदेश औद्योगिक एक्सप्रेसवेज विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा निर्मित गंगा एक्सप्रेसवे का 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई में भव्य समारोह के दौरान लोकार्पण करेंगे।

गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा के लिए टोल टैक्स की अधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन मेरठ से प्रयागराज तक सफर के लिए कार के लिए 1515 रुपये अनुमानित टोल टैक्स होगा, जबकि बस और ट्रकों के लिए यह राशि 2405 रुपये हो सकती है। मेरठ से बदायूं तक प्रथम पैकेज के 130 किमी के लिए कार के लिए 435 तथा ट्रक बस के लिए 1375 रुपये टोल टैक्स अनुमानित है।

मेरठ और प्रयागराज को आपस में जोड़ने वाले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की घड़ी आ गई है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री इसका लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा के बदले लोगों को टोल टैक्स अदा करना होगा। हालांकि अभी तक इसके लिए टोल दरों की अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन टोल की अनुमानित राशि की जानकारी मिली है।

गंगा एक्सप्रेसवे कुल चार पैकेज में विभाजित है। पहला पैकेज मेरठ से बदायूं तक 130 किमी लंबा है। जिसका निर्माण और संचालन मैसर्स आइआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। जबकि इससे आगे के तीन पैकेज अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के पास है।

मेरठ से बदायूं तक 130 किमी लंबे पहले पैकेज में कुल सात टोल और रैंप प्लाजा बनाए गए हैं। इन सभी से एक्सप्रेसवे पर प्रवेश और निकास किया जा सकता है। मेरठ और प्रयागराज में दो टोल प्लाजा रहेंगे। प्रयागराज तक टोल प्लाजा की कुल संख्या 14 है। गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल व्यवस्था के लिए एमएलएफएफ (मल्टी लेन फ्री फ्लो) तकनीक युक्त सिस्टम स्थापित किया गया है। जिससे वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करते समय रुकने की जरूरत नहीं होगी। दौड़ते हुए वाहनों को ही यह सिस्टम स्कैन करके उनकी इंट्री कर लेगा। एक्सप्रेसवे पर दो पहिया वाहनों पर रोक रहेगी। पकड़े जाने पर 20 हजार तक का मोटा जुर्माना वसूला जा सकता है। फिलहाल निकास पर टोल कटवाने के लिए टोल बूथ से गुजरना होगा लेकिन जल्द ही इसे भी फ्री फ्लो कर दिया जाएगा।

टोल टैक्स की अनुमानित दरें
टोल प्लाजा और रैंप प्लाजा का नाम——-टोल (कार)————टोल (बस और ट्रक)

खड़खड़ी———–प्रवेश स्थल———-प्रवेश स्थल
सिंभावली ———–90————-285
स्याना ————-205————-635
हसनपुर————255————-795
संभल————–345————-1090
चंदौसी————-400————–1260
बदायूं————–435————–1375
प्रयागराज———1515———–2405

जितना चलेंगे उतना ही देंगे टोल टैक्स
प्रथम पैकेज की संचालनकर्ता एजेंसी आइआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अनूप सिंह ने बताया कि गंगा एक्प्रेसवे के लिए टोल की दरों को अभी सरकार द्वारा घोषित नहीं किया गया है लेकिन इस मार्ग पर प्रति किमी यात्रा के लिए औसत टोल दर निर्धारित है। इस एक्सप्रेसवे की विशेष बात यह है कि वाहन चालकों को केवल उतना ही टोल टैक्स देना होगा जितनी वे यात्रा करेंगे। इस एक्सप्रेसवे पर दो पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। प्रवेश करने पर उनपर भारी भरकम जुर्माना लगाने का प्रावधान है।

Share.

About Author

Leave A Reply