मेरठ 25 अप्रैल (प्र)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी इलाके में रुड़की की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंचकर हंगामा कर दिया और शादी की जिद पर अड़ गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब चार वर्षों से दिल्ली में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जहां युवक ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए।
आरोप है कि करीब छह महीने पहले युवक उसे छोड़कर मेरठ आ गया और अपना फोन बंद कर दिया इसी से नाराज़ युवती सीधे उसके प्रेमी घर पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। वहीं युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, युवती देहरादून के रुड़की की रहने वाली है और एक निजी कंपनी में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात तारापुरी निवासी इफ्तिखार से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब भी युवती शादी की बात करती, युवक टालमटोल करता रहा।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई 2025 को दिल्ली में कोर्ट मैरिज कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद युवक उसे अपने साथ रखने और जल्द ही ससुराल ले जाने की बात करता रहा, लेकिन करीब छह महीने पहले वह अचानक मेरठ लौट आया और युवती से संपर्क तोड़ लिया। आरोप है कि युवक और उसके परिजनों ने अपने फोन नंबर भी बदल लिए।
युवती का कहना है कि उसके कपड़े, जरूरी दस्तावेज और सोने-चांदी के जेवर भी आरोपी पक्ष के पास हैं। इसी को लेकर वह शुक्रवार को युवक के घर पहुंची और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान युवक की मां और बहन ने उसके साथ अभद्रता की और घर से बाहर निकाल दिया। युवती ने गला दबाने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती का कहना है कि वह अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ युवक के साथ रह रही थी और अब युवक के इनकार के बाद उसके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। लिसाड़ी गेट पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
