Tuesday, October 14

वरुण हत्याकांड का खुलासा: कहासुनी का बदला लेने के लिए दो दोस्तों ने की हत्या

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 13 सितंबर (प्र)। थाना सदर बाजार के पत्ता मोहल्ला में वरुण वाल्मीकि (18) की दोस्त विपुल ने कुछ दिन पहले हुई कहासुनी की रंजिश में पिस्टल से गोली मारकर कर हत्या की थी। उसे तुषार काम दिलाने के बहाने अपने घर लेकर गया था। वहीं, विपुल ने उसके पेट में गोली मार दी। वारदात को हादसा दिखाने के लिए दोनों उसे प्यारेलाल जिला अस्पताल में भर्ती कराकर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने विपुल के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त मेड इन इटली पिस्टल भी बरामद कर ली।

सदर बाजार थाना के मोहल्ला रंगराज निवासी सोनू ने बृहस्पतिवार देर रात तहरीर दी थी। इसमें बताया कि उसका बेटा वरुण पहले होटल में काम करता था, मगर फिलहाल वह खाली था। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे उसका दोस्त तुषार घर आया और वरुण को काम दिलाने के बहाने बुलाकर अपने साथ एक्टिवा पर बैठाकर अपने घर पत्ता मोहल्ला ले गया था। वहीं, उनका तीसरा दोस्त गंज बाजार निवासी विपुल भी आ गया। आरोप है कि इसी दौरान तुषार के घर में विपुल ने वरुण के पेट में पिस्टल से गोली मार दी।

शाम करीब 6:45 बजे वरुण के मोबाइल से तुषार ने उसकी मां ज्योति के फोन पर बताया कि वरुण को गोली लगी है। उसे प्यारेलाल अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजन वहां गए। पेट में गोली लगने से वरुण को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। उसके ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी, तभी रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों विपुल और तुषार को बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। विपुल के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी बरामद कर लिया गया। शुक्रवार को दोनों को चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एसपी सिटी के अनुसार दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पूर्व उनकी वरुण से कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते वरुण को तुषार के घर बुलाकर विपुल ने तुषार द्वारा लोड की गई पिस्टल से गोली मार दी। घटना को दुर्घटना दर्शाने के लिए उसे घायल अवस्था में अस्पताल छोड़कर चले गए थे।

Share.

About Author

Leave A Reply