मेरठ 25 सितंबर (प्र)। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में नर्स पर उसके पूर्व प्रेमी ने एक किशोर को दो हजार रुपये देकर एसिड अटैक कराया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से पूर्व प्रेमी लंगड़ा हो गया। पुलिस ने पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार करने के साथ-साथ बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है।
एल. ब्लॉक लोहिया नगर में राजमिस्त्री असलम की पत्नी रूखसार ( 38 ) पर मंगलवार की देर शाम एक किशोर ने उस समय एसिड अटैक कर दिया था, जब वह शास्त्री नगर स्थित सुधा हॉस्पिटल में ड्यूटी पर जा रही थी। रूखसार अस्पताल में नर्स है। एसिड अटैक से महिला के हाथ, छाती, कूल्हे आदि बुरी तरह झुलस गए थे। गंभीर हालत में महिला को दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने इसको केमिकल अटैक बताया था। साथ ही, एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह निर्देशन में चार टीमें गठित की थी। एसिड अटैक के पीछे प्रेम प्रसंग माना जा रहा था। सीओ कोतवाली एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि बुधवार की रात में लोहिया नगर थाना क्षेत्र की चिंदौडी पुलिस के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रूकने का इशारा किया। संदिग्ध पुलिस पर फायर कर भागने लगा। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।मुठभेड़ में आरोपी घायल के पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस को पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र सिंह बताया है। महेंद्र मेडिकल थाना क्षेत्र का निवासी है। उसने अपने पड़ोसी 16 साल के किशोर से रूखसार पर एसिड अटैक करावा था। इसके लिए महेंद्र ने किशोर को 2000 रुपये दिए थे। पलिस ने बाल अपचारी को भी हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी मेरठ के निर्देशन और सीओ कोतवाली की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। आरोपी पर पहले से धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि महेंद्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि राजमिस्त्री असलम का परिवार पहले मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित महेंद्र के मकान में किराये पर रहता था। इस दौरान महेंद्र के असलम की पत्नी रूखसार से प्रेम संबंध हो गए थे, लेकिन बाद में असलम का परिवार एल. ब्लॉक लोहिया नगर में किराये पर रहने लगा। इसके बाद महिला ने भी महेंद्र से बात करना बंद कर दिया था। इससे महेंद्र रुखसार से नाराज इसलिए उसने पड़ोसी किशोर से महिला पर एसिड अटैक कराया। महेंद्र ने एसिड कहां से लिया, इसकी जांच की जा रही है।