Saturday, July 27

मिस्र में मकबरे के अंदर मिला 5000 हजार साल पुरानी शराब का भंडार

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मिस्र की पहली महिला रानी के मकबरे के अंदर जार में 5,000 साल पुरानी शराब का भंडार मिला है। शोधकर्ताओं ने कहा कि शराब का भंडार करीब 3000 ईसा पूर्व का लग रहा है। बता दें कि शराब के भंडार की खोज वियना यूनिवर्सिटी के पुरातत्वविदों ने की है। मिस्र की पहली महिला का मकबरा नील नदी से लगभग 10 किमी दूर ऊपरी मिस्र में स्थित है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैज्ञानिकों की टीम ने एबिडोस के शाही क़ब्रिस्तान में मेरेट-नीथ के मकबरे परिसर में शराब के जार का पता लगाया। ऐसा कहा जाता है कि मेरि-नीथ लगभग 5,000 साल पहले अस्तित्व में थी और लगभग 2950 ईसा पूर्व में मिस्र की रानी थी। साइंटिस्ट्स का दावा है कि रानी को इतनी भारी मात्रा में शराब के साथ दफनाया गया था। बरामद शराब के जार में से कुछ अभी भी सीलबंद हैं। वैज्ञानिकों ने कहा कि बरामद शराब रानी की संपत्ति की गवाही देता है।
शराब के जार के साथ-साथ, वैज्ञानिकों ने अंगूर के बीज और शराब के अवशेष भी खोजे। शोधकर्ताओं ने मेरि-नीथ के मकबरे के निर्माण के तरीके को बेहतर ढंग से समझने के लिए नई पुरातात्विक तकनीक का उपयोग किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईंट, मिट्टी और लकड़ी का यूज करके बनाए गए इस परिसर में 41 दरबारियों और नौकरों की कब्रें भी हैं, जिन्हें उनके साथ दफनाया गया था।

विश्लेषण से पता चला कि रानी का स्मारक एक ही समय में नहीं बल्कि थोड़े-थोड़े अंतराल में बनाया गया था। अन्य शोध से यह भी पता चलता है कि दरबारियों और नौकरों को सम्मान के तौर पर रानी के साथ दफनाया जाता था। बता दें कि रानी की कब्र का पता सबसे पहले 1899-1900 में ब्रिटिश इजिप्टोलॉजिस्ट सर फ्लिंडर्स पेट्री ने लगाया था।

वियना यूनिवर्सिटी की पुरातत्वविद् क्रिस्टियाना कोहलर ने कहा कि रानी मेरि-नीथ शायद अपने समय की सबसे शक्तिशाली महिला थीं। उन्होंने कहा कि आज के शोधकर्ताओं का अनुमान है कि वह प्राचीन मिस्र की पहली रानी रही होंगी।

Share.

About Author

Leave A Reply