मेरठ/गाजियाबाद, 20 अगस्त। गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में छह अगस्त को युवक का शव मिलने की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने के दौरान महिला के संबंध मकान मालिक से भी हो गए थे। किठौर के गांव नवल सूरजपुर निवासी प्रेमी ने शादी की जिद की तो महिला ने मकान मालिक के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया छह अगस्त को चित्रावन सोसाइटी के पास एक युवक का शव मिला था। शरीर पर चोट का निशान न मिलने से सामान्य मौत की बात कही जा रही थी। जेब से मिले आधार कार्ड और मोबाइल के जरिए मृतक की पहचान किठौर के गांव नवल सूरजपुर निवासी रोहित के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घोटकर रोहित की हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद रोहित के पिता इंदर की शिकायत पर 17 अगस्त को अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। खुलासे को चार टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस, आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपियों ने रोहित की हत्या कबूल कर ली।
एसीपी ने बताया बेबी कुमारी अलीगढ़ की रहने वाली है। उसकी शादी रवि से हुई थी। रवि की शराब की लत से तंग आकर रवि को छोड़कर गाजियाबाद आ गई। उसकी मुलाकात रोहित से हुई। दोनों पांच साल से संजय के मकान में रह रहे थे। इस बीच संजय से भी उसके संबंध बन गए। बेबी ने बताया रोहित उस पर शादी का दबाव डाल रहा था, लेकिन वह संजय के साथ रहना चाहती थी। पांच अगस्त की शाम रोहित से झगड़ा हुआ तो संजय के साथ मिलकर रोहित को मार दिया।
रोहित की हत्या करने के बाद पांच अगस्त की रात करीब 11 बजे दोनों आरोपियों ने ई-रिक्शा को बुलाया और रोहित को बीमार बताकर अस्पताल ले जाने का बहाना किया। घर से कुछ दूर चित्रावन सोसाइटी के पास आरोपियों ने रोहित के शव को ई-रिक्शा से उतार लिया और उसे एंबुलेंस में अस्पताल ले जाने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपी रोहित के शव को सोसाइटी के पास ठिकाने लगाकर घर आ गए।
