मेरठ 22 दिसंबर (प्र)। सिटी स्टेशन के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी गई है। नई बिल्डिंग निर्माण के लिए मिट्टी के 32 नमूने लेने का काम शुरू कर दिया गया है। 80 फुट गहराई से मिट्टी के नमूने लिए जा रहे हैं। विभिन्न स्थानों से कुल 32 नमूने लिए जाएंगे। मिट्टी के नमूने पास होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
दरअसल अंग्रेजों के जमाने के मेरठ के सिटी स्टेशन को एयरपोर्ट जैसा लुक और सुविधाएं देने के लिए इसे अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया। 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना का वच्र्युअल उद्घाटन किया था। इस योजना में सिटी स्टेशन के कायाकल्प के लिए 252 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन बाद में इसके बजट को कम करके 98 करोड़ रुपये कर दिया गया। इस योजना में सिटी स्टेशन पर दो मंजिला मेन बिल्डिंग का निर्माण, फ्रंट में पार्किंग बड़ी करने, एक और फुट ओवर ब्रिज बनाने, लिफ्ट, एस्केलेटर लगाने, दिव्यांगों के स्टेशन पर आने के लिए रैम्प बनवाने, वेटिंग ऐरिया बढ़ाने और रोहटा रोड की ओर से आने वाले रास्ते पर स्टेशन पर एक गेट, उक्त प्लेटफार्म पर टिकट काउंटर स्थापित करना प्रस्तावित है।
स्टेशन पर महाभारत काल और 1857 की क्रांति की स्मृतियों की झलक प्रदार्शित करने को सुंदर आकृतियां बनाई जाएंगी। रेलवे ने स्टेशन को नए सिरे से विकसित करने के लिए एयरकॉन कं. के नाम टेंडर छोड़ा है। रेलवे के कंस्ट्रक्शन विंग की टीम ने स्टेशन परिसर में मिट्टी के नमूने लेने के लिए कई स्थानों पर 80 फुट गहरी ड्रिलिंग की कुल 32 स्थानों मिट्टी के नमूने लिए जाएंगे। मिट्टी की लैब में जांच की जाएगी। जांच में मिट्टी में गुणवत्ता सही मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सिटी स्टेशन पर किए जाएंगे ये कार्य
- सिटी स्टेशन का सुंदर भवन का निर्माण होगा।
- स्टेशन पर इन व आउट गेट अलग बनाए जाएंगे।
- स्टेशन पर कैफे और रेस्टोरेंट बनाए जाएंगे।
- पार्किंग को और बड़ बनाया जाएगा।
- वेटिंग एरिया बढ़ा किया जाएगा।
- एस्केलेटर व लिफ्ट स्थापित की जाएंगी।
- एक फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा।
- एक स्टेशन एक उत्पाद की बिक्री के लिए काउंटर बनाय जाएगा।
- विभिन्न आकृतियों से महाभारत काल व 1857 की स्मृतियों की झलक प्रदार्शित होगी।
- रोहटा रोड की ओर के रास्ते पर गेट, पार्किंग, टिकट काउंटर बनाया जाएगा।
- दिव्यांगों के आने जाने के लिए रैम्प बनाया जाएगा।
- स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने को वाटर एटीएम लगेगा।
