मेरठ, 28 जनवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। खनौदा गांव में 26 जनवरी को तिरंगा फहराकर लौट रहे पूर्व प्रधान कृष्णपाल पर वर्तमान प्रधान परविंद्र और उसके तीन साथियों ने फावड़े से हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सिर में 30 टांके लगे। पुलिस ने एक आरोपी आकाश उर्फ पिंकू को गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्व प्रधान कृष्णपाल की पत्नी राधा ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वर्तमान प्रधान परविंद्र, उसका भाई अमरदीप, भतीजा आकाश उर्फ पिंकू और हिम्मत चुनावी रंजिश रखते हैं। स्कूल से घर जाते समय चारों ने कृष्णपाल को रोक लिया और गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने मिलकर हमला कर दिया। आकाश उर्फ पिंकू ने फावड़े से कृष्णपाल पर कई वार किए जिससे वह लहुलूहान होकर गिर पड़े। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए जिसे देखकर आरोपी फरार हो गए।
परिजनों ने घायल कृष्णपाल को तत्काल मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी आकाश उर्फ पिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान पर फावड़े से हमलाकर किया लहुलूहान
Share.
