मेरठ 02 मार्च (प्र)। होली के त्योहार और रमजान को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। रविवार को एडीजी भानु भास्कर और एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील एरिया में पैदल मार्च किया। एएसपी और सीओ कैंट घोड़ों पर सवार होकर आगे आगे चल रहे थे। साथ ही अफसरों के पीछे स्थानीय पुलिस और पीएसी तथा आरएएफ की कंपनी चल रही थी। बेगमपुल से शुरू हुआ पैदल मार्च सात किमी तक चार थाना क्षेत्रों के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में घूमा।
एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि घुड़सवार पुलिस के साथ आगामी त्योहारों (होली, रमजान पर्व ) के दृष्टिगत व्यापक पैदल गश्त एवं सुरक्षा निरीक्षण किया गया। पैदल मार्च नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों के आसपास तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा पुलिस बल की टोलियां बनाकर उन्हें क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गई और ड्यूटी के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग की गई।
इस मौके पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा और समस्त सर्किल के सीओ शामिल रहे।
1576 होलिका दहन पर पुलिस बल तैनात, सेक्टर और जोन व्यवस्था लागू
होली के त्योहार पर होलिका दहन के 1576 स्थानों पर 14 अफसर और दो हजार पुलिसकर्मी तथा दो कंपनी पीएसी लगा दी गई। थाना और चौकी पर तैनात पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में पैदल मार्च करती रहेगी। फोर्स बाडी प्रोटेक्टर से लैस रहेगा। होलिका दहन का कोई नया स्थान नहीं बनाया जाएगा। थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज की इस पर जवाबदेही तय कर दी गई। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में ड्रोन निगरानी की जाए। जनपद में 14 जोन और 32 सेक्टर बना दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट कर दिया कि कोई होलिका दहन और रंगोत्सव पर म्यूजिक सिस्टम तेज आवाज में न बजाएं। शराब को लेकर विशेष तौर पर सतर्कता बरती जाए।
