Friday, April 17

50 हजार परिवारों के भविष्य की गारंटी होगा ज्वेलरी पार्क

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 17 अप्रैल (प्र)। जनपद के सराफा व्यापार को संगठित, सुरक्षित और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए गुरुवार को मेरठ जेम्स एंड ज्वेलरी फेडरेशन की आम सभा हुई। ज्वेलरी पार्क की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। फेडरेशन के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि प्रस्तावित ज्वेलरी पार्क मेरठ के आभूषण कारोबार से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े 50 हजार परिवारों के उज्वल भविष्य की गारंटी होगा। हमारा लक्ष्य असंगठित क्षेत्र से निकलकर एक ऐसे इको-सिस्टम में जाना है जहां कारीगर से लेकर ग्राहक सब सुरक्षित हों। यहां मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कारीगरों के लिए विश्वस्तरीय वर्कशाप, सेंट्रलाइज्ड गोल्ड रिकवरी प्लांट और प्रदूषण मुक्त माहौल होगा।

बच्चा पार्क के पास स्थित आइएमए सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव विजय आनंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण हमारे सामने है। तंग गलियां, पार्किंग की किल्लत, प्रदूषण, सोने की रिकवरी का लास और सुरक्षा का अभाव अब हमारे व्यापार की ग्रोथ को रोक रहा है। राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी और मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीना इसमें सहयोग कर रहे हैं। मुंबई के एसईईपीजेड और जयपुर के सितापुरा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की तर्ज पर अब मेरठ को भी
अपना ज्वेलरी पार्क चाहिए।

फेडरेशन द्वारा नियुक्त आर्किटेक्ट अभय श्रीवास्तव ने ज्वेलरी पार्क के प्रोजेक्ट का डिजिटल प्रजेंटेशन दिया। कहा कि पार्क को प्लग एंड प्ले माडल पर डिजाइन किया गया है। 60 प्रतिशत हिस्सा मैन्युफैक्चरिंग के लिए आरक्षित है । कामन फैसिलिटी सेंटर में हाई-एंड कास्टिंग, थ्रीडी प्रिंटिंग, लेजर सोल्डरिंग और ईटीपी के 90 प्रतिशत तक गोल्ड रिकवरी सुनिश्चित होगी। 25 हजार वर्गफीट का एग्जिबिशन हाल, फूड कोर्ट और 2500 वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग का प्रविधान किया गया है। कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने कि फेडरेशन कहा का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मिला था। इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रुख सकारात्मक है। बैठक में पूर्व निदेशक आकाश मांगलिक को श्रद्धांजलि दी गई। रवि प्रकाश अग्रवाल, सौरभ जैन, अशोक गर्ग, राज किशोर रस्तोगी, लोकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Share.

About Author

Leave A Reply