मेरठ 09 फरवरी (प्र)। खरखौदा थाना क्षेत्र में धीरखेड़ा चौकी के पास पेट्रोल पंप से रविवार को दिनदहाड़े हथियाबंद बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। पिस्टल और हथियारों से लैस बदमाशों ने युवक को खींचकर स्कार्पियो में डाल लिया और फरार हो गए। आरोपियों की पहचान बाबा गुर्जर गैंग के सदस्यों के रूप में की गई है। पुलिस ने अपहरण की सूचना फ्लैश की, जिसके बाद स्कार्पियो को बुलंदशहर के बीबीनगर में बरामद कर लिया गया। युवक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है और मेरठ लाया गया है। एक आरोपी को नामजद करते हुए छह अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
खरखौदा के कैली गांव निवासी कार्तिक जाटव पुत्र सुरेंद्र जाटव धीरखेड़ा चौकी के पास नंबरदार सेल्फ ड्राइव और प्रॉपर्टी ऑफिस पर काम करता है। इस ड्राइविंग सेंटर का मालिक कैली गांव निवासी सुशांत है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे कार्तिक ऑफिस में बैठा था। इसी दौरान काले रंग की स्कार्पियो ऑफिस पर पहुंची और कार्तिक पर हमला कर दिया। कार्तिक दीवार कूदकर बराबर में एचपी पेट्रोल पंप पर पहुंच गया और कार्यालय में जा घुसा। हमलावर पिस्टल, तमंचे और धारदार हथियार लेकर कार्तिक के पीछे पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गए और घसीटकर उसे गाड़ी में डाल लिया। पेट्रोल पंप मालिक और अन्य लोगों ने विरोध किया तो गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्कार्पियो की घेराबंदी शुरू की गई। आसपास के जिलों में भी सूचना दी गई।
घटना के करीब 3 घंटे बाद स्कार्पियो को बुलंदशहर के बीबीनगर में पुलिस ने पकड़ लिया। एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया, बाकी फरार हो गए। पुलिस ने कार्तिक को भी बरामद कर लिया।
कार्तिक का सिद्धार्थ कसाना और अन्य से विवाद है। घटना से करीब 45 मिनट पहले कार्तिक की इन्हीं युवकों से फोन पर कहासुनी हुई। इसके बाद सिद्धार्थ कसाना, हापुड़ के रामपुर गांव निवासी उज्जवल तोमर और अन्य ने कार्तिक पर हमला किया। कार्तिक पक्ष ने आरोप लगाया सिद्धार्थ और अन्य आरोपी, बाबा गुर्जर गैंग के सदस्य हैं। कार्तिक के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर सिद्धार्थ और अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि दोनों पक्ष के बीच विवाद चल रहा है और इसी को लेकर घटना अंजाम दी गई। घटना के बाद युवक को बरामद कर आरोपियों की कार कब्जे में ली गई है। मुकदमा दर्ज किया गया है।
