Sunday, July 13

72 तरह के 3,090 यादगार पांच के सिक्के एकत्र कर बनाया विश्व रिकार्ड

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 09 जून (प्र)। अलग तरह की सामग्री एकत्र करने का जुनून जब किसी में होता है तभी वह विश्व रिकार्ड जैसे मुकाम तक पहुंच पाता है। शताब्दी नगर के रहने वाले जीवन सिंह बिष्ट ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने 72 तरह के यादगार या स्मारक पांच रुपये के सिक्के एकत्र करने का ताजा विश्व रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि को इंटरनेशनल बुक आफ रिकार्ड में दर्ज किया गया है। उन्होंने 72 तरह के पांच रुपये के 3,090 सिक्कों को 11 अप्रैल 2025 को प्रदर्शित कर यह रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। अब रिकार्ड का प्रमाण पत्र उन्हें प्राप्त हुआ है। उनका यह रिकार्ड वर्ल्ड लार्जेस्ट कलेक्शन में दर्ज हुआ है। उन्होंने बताया कि ये सिक्के उन्होंने वर्ष 1990 से 2025 तक एकत्र किए हैं।

मूलरूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के चापड़ के रहने वाले जीवन सिंह ने बताया कि उन्हें पिता का 80 वर्ष पुराना बटुआ मिला था जिसमें बहुत से स्मारक सिक्के मिले थे। उन्हें देखने के बाद उन्हें भी ऐसे सिक्के एकत्र करने की प्रेरणा मिली। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली के विभिन्न स्थानों व लोगों से एक, दो, पांच व 10 रुपये के सिक्के एकत्रित करना शुरू किया। पांच के सिक्के अधिक मिले तो रिकार्ड बनाने का दावा किया। वर्ष 2020 में आयकर विभाग से नोटिस सर्वर पद से सेवानिवृत्त हुए जीवन सिंह ने पहले भी कई रिकार्ड बनाए हैं। उनका एक अद्भुद रिकार्ड दर्ज होते-होते रह गया। उन्होंने वर्ष 1999 में अपनी पत्नी को आठ किलो वजन का एक प्रेम पत्र लिखा था। इसे लिखने में उन्हें तीन महीने से अधिक समय लगा था जिसके कारण इसे रिकार्ड में दर्ज नहीं किया गया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके रिकार्ड को प्रमाणित कर सम्मानित किया।

जीवन सिंह बिष्ट के अन्य रिकार्ड

  • लिम्का बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड 1995-86 : दो फिट लंबा और दो किलो वजन का बैंगन पैदा करने के लिए।
  • इंडिया बुक आफ रिकार्ड 2022-23 : एक छत के नीचे अद्वितीय चीजों की व्यवस्थित व सुसज्जित प्रदर्शनी के लिए।
  • एशिया बुक आफ रिकार्ड 2023-24 एक छत के नीचे अद्वितीय चीजों की व्यवस्थित व सुसज्जित प्रदर्शनी के लिए। इसमें 110 तरह की सूची भी बनाई थी।
  • इंटरनेशनल बुक आफ रिकार्ड 2024- 25 : दुनिया के 110 देशों के 100 वर्ष पार करने वालों की विस्तृत सूची जिसमें बनाने में उन्हें 30 वर्ष से अधिक समय लगे।
Share.

About Author

Leave A Reply