Friday, October 31

देवउठान एकादशी: योग निद्रा से लौटेंगे नारायण, शुरू होंगे शुभ कार्य

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 31 अक्टूबर (प्र)। कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष एकादशी को देवउठान एकादशी के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी से भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं और चार माह बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है, जिसमें विवाह और मांगलिक कार्य वर्जित माने जाते हैं। देवउठान एकादशी पर श्रीहरि विष्णु के जागृत होने के बाद सभी शुभ कार्यों की पुनः शुरुआत हो जाती है।

एकादशी तिथि दो दिन व्याप्त रहने से यह पर्व एक और दो नवंबर दोनों दिन मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य विभोर इंदूसुत के अनुसार एकादशी तिथि एक नवंबर शनिवार सुबह 9:11 बजे से शुरू होकर 2 नवंबर रविवार सुबह 7:31 बजे तक रहेगी। एक नवंबर को पूरे दिन और रात्रि में एकादशी तिथि विद्यमान रहेगी, जबकि दो नवंबर को यह प्रातःकाल 7.31 बजे तक रहेगी। इस कारण देवउठान एकादशी व्रत और पूजन के लिए एक नवंबर का दिन श्रेष्ठ माना गया है। पुण्यकाल दोनों दिन रहेगा, अतः दान, स्नान, पूजा और तुलसी विवाह एक व दो नवंबर को किया जा सकता है।

पवित्र मुहूर्त
गंगा स्नान मुहूर्त प्रातः 6:35 से 12:04 तक रहेगा, जबकि दीपदान और पूजन के लिए प्रदोष काल 5:15 से 7:50 तक व लाभ मुहूर्त रात्रि 8:46 से 10:26 तक रहेगा।

शुभ विवाह मुहूर्त (नवंबर 2025 से जुलाई 2026)
नवंबर 18, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 29, 30
दिसंबर 4, 10, 11
फरवरी 3, 4, 5, 10, 13, 15, 19, 20, 21
मार्च 6, 9, 10, 11, 12
अप्रैल 20, 21, 25, 26, 27, 29, 30
मई 5, 6, 7, 8, 9, 10, 14
जून 19 से 29 तक
जुलाई 1 से 12 तक

देव दीपावली : पांच नवंबर को गंगा स्नान, दीपदान और गुरु नानक जयंती का पावन संगम
ज्योतिषचार्य भारत ज्ञान भूषण के अनुसार इस वर्ष देव दीपावली, कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान और गुरु नानक जयंती का पावन पर्व 5 नवंबर बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन सिद्धि योग, विष्टि करण, अश्विनी और भरणी नक्षत्र का योग रहेगा। चंद्रमा मेष राशि में और गुरु अपनी उच्च कर्क राशि में होंगे, जिससे यह दिवस अत्यंत शुभ है। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली तब मनाई जाती है जब देवता श्रीहरि विष्णु के जागरण उपरांत पृथ्वी पर उतरकर जलाशयों में दीपोत्सव करते हैं। इसी कारण इसको देवताओं की दीपावली कहा जाता है।

Share.

About Author

Leave A Reply