मेरठ 07 जून (प्र)। मेरठ में शनिवार कोईद की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हुई। शाही ईदगाह में भीड़ ज्यादा होने पर लोगों को फैज-ए-आम में नमाज पढ़ने के लिए भेजा गया। नमाज के समय एडीजी भानु भास्कर, डीएम वीके सिंह, एसएसपी विपिन ताडा समेत पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस खास अवसर पर आज कुल 487 ईदगाह और 981 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। इनमें मेरठ में 164 ईदगाह और 515 मस्जिदें शामिल हैं। बता दें कि इन सभी ईदगाहों पर शनिवार की सुबह 7:00 बजे ईद उल अजा की नमाज अदा की गई। वही इस मौके पर हर ईदगाह पर भारी पुलिस बल तैनात रही। शाही ईदगाह और जामा मस्जिद पर ड्रोन से निगरानी की गई।
शहर काजी डॉ. सालिकीन सिद्दीकी ने कहा कि हमारी कौम तालीम में काफी पीछे है। दीनी तालीम के साथ-साथ दुनियाबी तालीम भी तरक्की के लिए बेहद जरूरी है। यह संदेश शहर काजी ने दिल्ली रोड स्थित शाही ईदगाह से ईद की नमाज पढ़ने से पहले दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मार्ग से ही मुसलमानों को उनका हक और अधिकार मिलेगा भारत हमारा मुल्क है। इसमें आपसी भाईचारे के साथ रहने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को अपने शहर की स्वच्छता पर भी ध्यान रखना है।
कुर्बानी करने के बाद अवशेष सड़कों पर खुले में नहीं फेंके। उन्होंने कहा कि हमारे यहां ब्याज लेना और देना हराम है। कुछ लोग ब्याज पर ही मोबाइल आदि सामान खरीद रहे हैं। वह ऐसा ना करें। केवल और केवल ईमानदारी के साथ रोजगार करने और आपसी भाईचारे को कायम रखने के लिए काम करें। उन्होंने अपने पड़ोसी के प्रति अच्छा व्यवहार करने और उसका सदैव ध्यान रखने का भी संदेश दिया। इसके बाद शहर काजी ने नमाज पढ़ाई। उधर, कारी शफीक उर रहमान ने भी तकरीर करते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया। शहर की शाही ईदगाह और अन्य ईदगाह और मस्जिदों में शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज संपन्न हुई।
वहीं कंकरखेड़ा रोहटा रोड स्थित गांव सिंघावली में ईद गाह पर नमाज अदा के दौरान गांव सिंघावली और आसपास क्षेत्र के सभी लोग नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। ईदगाह में कारी अहमद साहब ने नमाज अदा कराई उसके बाद उन्होंने सभी से देश की अमन शांति के लिए दुआ कराई और सभी से कहा कि सभी शांतिपूर्ण भाईचारे से बकरा ईद का त्यौहार मिलजुल कर बनाएंगे।
नमाज अदा करने के बाद सभी लोगों ने ईद के बाहर एक दूसरे को ईद की बधाई दी और एक दूसरे को गले लगाया। इस मौके पर गांव सिंघावली के रहने वाले समाज सेवक मुखिया राहत ने चैनल के माध्यम से सभी मेरठ वासियों ओर क्षेत्र के वासियों को बकरा ईद की बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी। समाज सेवक ने मुस्लिम समाज के सभी भाइयों से यह अपील की कि खुले में कुर्बानी ना करें जिससे दूसरे समाज के लोगों को कोई दिक्कत परेशानी न उठानी पड़े और शांतिपूर्ण ईद का त्योहार भाईचारे के साथ मिलकर बनाएं। इस मौके पर अफजाल प्रधान, तस्लीम मुखिया, मोहसिन खान, रिफाकत एडवोकेट, शादाब खान, समीर मुखिया, अते मोहम्मद, मुखिया तहजीब, सनौवर चौधरी, नईम चौधरी, मुखिया अशरफ, निज़ाकत चौधरी आदि मौजूद रहे।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि शहर में तीन एडिशनल एसपी, चार डिप्टी एसपी, 22 इंस्पेक्टर हेड कांस्टेबल 148, दो कंपनी आरएएफ, एक कंपनी पीएसी ईदगाह पर लगाई गई थी। सभी जगहों पर शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर के कई प्वाइंटस पर चेकिंग अभियान चलाएं। स्टंटबाजी नहीं होनी चाहिए।