Saturday, July 12

कांवड़ियों और हल्के वाहनों के लिए कल से खुलेगी गढ़ रोड

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 09 जुलाई (प्र)। नगर निगम ने 78 दिनों के बाद गढ़ रोड को कांवड़ियों और हल्के वाहनों के आवागमन के लिए 10 जुलाई से खोला जा रहा है। जबकि सड़क और पुलिया दोनों आधी अधूरी तैयार है। हालांकि भारी वाहनों के लिए गढ़ रोड पर अब भी प्रतिबंध रहेगा। 25 जुलाई के बाद भारी वाहनों के लिए भी खोलने पर विचार होगा।

सीएम ग्रिड रोड के निर्माण को लेकर ट्रैफिक पुलिस, प्रशासन के सहयोग से नगर निगम ने गत 22 अप्रैल से गढ़ रोड पर आने-जाने वाले वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था। तब कहा गया था कि गढ़ रोड पर आबू नाले की पुलिया निर्माण के लिए दो महीने तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। आबू नाले पर दो पुलियों के निर्माण के कारण तेजगढ़ी से लेकर सोहराब गेट बस अड्डे तक गढ़ रोड को दो माह के लिए बंद कर दिया गया था। 22 अप्रैल से वाहनों का आवागमन गढ़ रोड पर बंद कर दिया गया था। इस बीच वहां नगर निगम ने पुलिया निर्माण का कार्य प्रारंभ किया, लेकिन 60 दिनों में यह कार्य पूर्ण नहीं हो सका। इस बीच कांवड़ की तैयारी शुरू हो गई। उच्चाधिकारियों ने नगर निगम को कहा कि जल्द से जल्द गढ़ रोड को आवागमन के लिए खोला जाए। तब पुलिया का निर्माण एक सप्ताह पूर्व कराया गया। एक सप्ताह तक निगरानी के बाद 10 जुलाई को तेजगढ़ी से गांधी आश्रम के बीच गढ़ रोड को हल्के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं बस, ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए 25 जुलाई के बाद खोल दिया जाएगा।

का‌फी पुरानी थी पुलिया निर्माण आवश्यक था
नगर निगम के मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गढ़ रोड पर आबू नाले की दोनों पुलिया काफी पुरानी थी। इस कारण इस पुलिया से पानी की निकासी भी ठीक से नहीं हो पा रही थी। दोनों पुलिया को तोड़कर नया बनाया गया है। अब कांवड़ को लेकर हल्के वाहन के लिए खोल दिया गया है। अब आगे कांवड़ बाद दूसरी पुलिया का निर्माण होगा। हालांकि बारिश के कारण दिक्कत हो सकती है। अन्य कार्य जारी रहेंगे

30 नवंबर तक बनेगी सड़क
गांधी आश्रम से तेजगढ़ी के बीच सीएम ग्रिड की सड़क का निर्माण 30 नवंबर तक कराने का लक्ष्य निर्धारित है। वैसे नगर निगम दीपावली में इसे पूर्ण कराने का व्यापारियों से वादा कर चुका है।

सीएम ग्रिड की आठवीं सड़क का भी टेंडर जारी
उधर, नगर निगम ने सीएम ग्रिड की आठवीं सड़क दिल्ली रोड से शारदा रोड तक के नवनिर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया। 1.300 किलोमीटर की इस सड़क का नवनिर्माण 16 करोड़ 85 लाख 35 हजार की लागत से होगा। इस सड़क के निर्माण का कार्य करीब 15 महीने में होगा। इससे पूर्व तीन सड़कों का टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। तीन की प्रक्रिया चल रही है। एक में कार्य प्रगति पर है।

Share.

About Author

Leave A Reply