Tuesday, May 13

निगम डिपो बवाल मामले में 17 को महापंचायत

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 14 अप्रैल (प्र)। नगर निगम सूरजकुंड डिपो पर कूड़ा गाड़ी को लेकर हुए बवाल, फायरिंग का मामला गर्मा गया है। रविवार को सर्वसमाज सामाजिक संगठन और जाटव समाज की ओर से सभा कर 17 अप्रैल को महापंचायत का ऐलान किया गया। दोपहर में नगर निगम के पार्षदों ने सड़क पर उतरकर नगर आयुक्त के कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

मेयर आवास पर ऊर्जा राज्यमंत्री डा.सोमेन्द्र तोमर और मेयर हरिकांत अहलूवालिया से मिलकर पुलिस की कार्रवाई पर रोष जताया। मंत्री, मेयर ने मेडिकल कालेज पहुंचकर पार्षद रविन्द्र के स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। वहीं नगर निगम कर्मचारी संघ ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि 14 अप्रैल तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तो 15 अप्रैल से नगर निगम में अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगी।

सड़क पर उतरे पार्षद, कैंप कार्यालय पर हंगामा
दोपहर बाद 30 से अधिक पार्षद नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के कैंप कार्यालय पहुंचे। नगर आयुक्त के खिलाफ पार्षदों ने नारेबाजी की। कैंप कार्यालय पर हंगामा किया। भाजपा पार्षद भी रविन्द्र के पक्ष में पहुंचे। पार्षदों ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों के हित की बात निगम अधिकारी कर रहे हैं। यह भी आरोप लगाया कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने उकसाकर पार्षद पर हमला कराया। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.हरपाल सिंह ने जानकारी के बावजूद मामले को हल्के में लिया। पार्षदों ने नगर निगम में ना घुसने की बात कहने वाले सफाई कर्मचारी नेता को भी चेतावनी दी कि कर्मचारी संघ का इस्तेमाल पार्षद को पीटने में किया गया। नगर आयुक्त कैंप कार्यालय पर हंगामे के बाद पार्षद मेयर के गंगानगर स्थित आवास पर पहुंचे।

रविवार को कालियागढ़ी स्थित डा. अंबेडकर कम्युनिटी पार्क में सर्वसमाज सामाजिक संगठन और जाटव समाज की ओर से सभा हुई। सभा में पूर्व विधायक योगेश वर्मा, रविन्द्र प्रेमी, भाजपा के एससी मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. रवि प्रकाश, शोषित दल के रविकांत समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व विधायक योगेश वर्मा बोले कि वह बाबा साहब के अनुयायी हैं, लेकिन कोई कमजोर न समझे। कानून के दायरे में लड़ाई लड़ेंगे। भाजपा नेता रवि प्रकाश ने कहा दलित समाज पर अत्याचार होगा तो गांव-गली से लोग जुटेंगे। नगर निगम में नहीं घुसने देने की बात करने वाले कर्मचारी नेता, निगम अधिकारियों का मुहरा बन रहे हैं। पहले पार्षद को बुलाकर पिटाई कराई गई। आत्मरक्षा में फायरिंग हुई है। अब पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मांग की कि निगम डिपो में बवाल में सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक किया जाए। कालियागढ़ी में हुई पंचायत में सपा, भाजपा, बसपा सहित कई दलों के नेता मौजूद रहे। कई दलों के पार्षद भी सभा में पहुंचे। ऐलान किया कि 17 अप्रैल को कमिश्नरी पार्क में पार्षद रविन्द्र के समर्थन में ऐतिहासिक महापंचायत होगी।

कर्मचारी संघ का ऐलान कल से फिर हड़ताल
निगम कर्मचारी संघ महामंत्री आलोक शर्मा ने कहा है कि हनुमान जयंती व डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती को देखते हुए हड़ताल तीन दिन के लिए स्थगित की थी। अब यदि 24 घंटे में कर्मचारियों पर फायरिंग के आरोपी पार्षद के बाकी साथी गिरफ्तार नहीं हो जाते तो 15 अप्रैल कर्मचारी फिर हड़ताल पर रहेंगे।

मेडिकल में भर्ती पार्षद से मिलने पहुंचे मंत्री
मेडिकल कालेज में कर्मचारियों की पिटाई में घायल पार्षद रविन्द्र से मिलने रविवार को ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर, मेयर हरिकांत अहलूवालिया और भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा पहुंचे। चिकित्सकों से उन्होंने इलाज के बारे में जानकारी ली। भाजपा पार्षद रविन्द्र पर नगर निगम सूरजकुंड डिपो में कर्मचारी अविनाश को गोली मारने का आरोप है।

Share.

About Author

Leave A Reply