
मेरठ 20 फरवरी (प्र)। दिल्ली से मेरठ की दूरी अब और कम होगी। मेरठ के बेगमपुल से दिल्ली के सराय काले खां तक रैपिड रेल का ट्रायल किया गया। ट्रेन 55 मिनट में पहुंच गई। इसके बाद ट्रेन 12 बजे सराय काले खां से चली और 55 मिनट में बेगमपुल पहुंची।
ट्रेन का संचालन 22 फरवरी से होगा। जिसे PM मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं पहले फेस में फिलहाल न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ स्टेशन तक रैपिड ट्रेन संचालित है।
सराय काले खां स्टेशन सबसे बड़े मल्टी मॉडल हब के रूप में बनाया गया है। यहां दिल्ली-मेरठ के साथ ही नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित दिल्ली-करनाल व दिल्ली-अलवर रूट भी मिलेंगे। इसे रेलवे और डीएमआरसी से भी जोड़ा गया है।
सराय काले खां स्टेशन में 5 एंट्री और एग्जिट गेट, 14 लिफ्ट, 18 एस्केलेटर हैं। स्टेशन में सभी लिफ्ट और एस्केलेटर, प्लेटफार्म स्क्रीन डोर्स (पीएसडी) लगाए जा चुके हैं।यहां हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को भी जोड़ा गया है।स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए 280 मीटर लंबा फुटओवर ब्रिज बनाया गया है। इसमें 6 ट्रैवलेटर लगे हैं।
दरअसल, दिल्ली-मेरठ नमो कारीडोर का न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ नमो स्टेशन का करीब 55 किमी लंबा हिस्सा चालू है। शेष सेक्शन इससे जुड़ने वाले हैं। इसमें दिल्ली की तरफ सराय काले खां से न्यू अशोक नगर का करीब पांच किलोमीटर लंबा हिस्सा अब तैयार हुआ है।
मेरठ साउथ से मोदिपुरम का 21 किमी का स्ट्रेच भी पूरा है। दोनों हिस्सों को आवाजाही के लिए शुरू किया जाना है। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को पहली बार नमो रेल सराय काले खां से बेगमपुल तक चलेगी। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मीडियाकर्मी भी शामिल होंगे।
