Wednesday, December 24

अवैध संबंध के शक में की थी प्रेमिका की गला रेतकर हत्या

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 08 अक्टूबर (प्र)। टीपीनगर में चार अक्टूबर को रेलवे लाइन के पास गर्दन कटी महिला की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने जांच की तो मनोज मास्टर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे पकड़कर खुलासा कर दिया, आला कत्ल भी बरामद कर लिया।

प्रेमी मनोज मास्टर (50) ने शराब पिलाने के बाद अनीता (40) का चाकू से गला रेतकर हत्या की। अन्य लोगों से संबंध के शक में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद शव टीपीनगर के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-8 में झाड़ियों में फेंक दिया था। जांच में जुटी पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।

वेदव्यासपुरी स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ज्वेलरी एंड टेक्नोलॉजी से कुछ दूरी पर शनिवार दोपहर सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव पड़ा मिला था। गले पर धारदार हथियार के निशान थे। दाहिने हाथ पर दीपक, धर्मपाल और अनीता नाम लिखा था। पहचान न होने पर पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवा दिया था।

परतापुर थाना क्षेत्र के डूंगरावली गांव से लापता अनीता को तलाश कर रहे परिजनों ने मंगलवार को मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने जांच में सामने आए डूंगरावली के ही मनोज मास्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अनीता की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक पूछताछ में मनोज मास्टर ने बताया कि करीब 6 वर्ष पूर्व वह एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक था। घर पर बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। इसी दौरान उसकी पहचान अनीता की बहन सरिता से हुई। सरिता के बच्चे उसके पास ट्यूशन पढ़ने आते थे। उसी माध्यम से अनीता से उसका परिचय हुआ।

आरोपी की पत्नी की मौत करीब 8 वर्ष पहले हो गई थी। वह और अनीता आपस में बात करने लगे और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों समय-समय पर साथ में मजदूरी भी करते थे। अनीता शराब पीने की आदी थी और अन्य लोगों के साथ भी शराब पीती थी।

अनीता के अन्य लोगों से संबंध के संदेह में दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर सेक्टर-8 में रेलवे लाइन के निकट खाली पड़ी जगह में झाड़ियों के पास शराब पी। दोनों में कहासुनी हो गई और गुस्से में आरोपी ने चाकू से अनीता के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।

अनीता मूल रूप से दौराला क्षेत्र के सरसवा गांव की रहने वाली थी। वह फिलहाल अपनी बहन सरिता के यहां रह रही थी और परतापुर स्थित एक कोल्हू पर मजदूरी करती थी। पति दारा सिंह भी शराब पीने का आदी है। घर का खर्च अनीता ही चलाती थी।

Share.

About Author

Leave A Reply