Tuesday, February 10

चार करोड़ की लागत से बनेगा सिटी पोस्ट आफिस

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 07 फरवरी (प्र)। लगभग तीन वर्ष से जर्जर स्थिति में खड़े घंटाघर स्थित शहर के प्रधान डाकघर को नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए जर्जर और क्षतिग्रस्त भवन को ध्वस्त किया जा रहा है। रेलवे विभाग को यह कार्य सौंपा गया है, और इस कार्य के लिए नोएडा की नितिन एंटरप्राइजेज को जिम्मेदारी दी गई है। मलबे को हटाने का लक्ष्य 28 फरवरी 2024 तक रखा गया है। यह प्रधान डाकघर, जो शहर का सबसे प्रमुख और सर्वाधिक राजस्व संग्रहित करने वाला है, 1972 में स्थापित किया गया था। अब इसे तोड़कर नए सिरे से बनाया जाएगा। नए भवन के निर्माण के लिए ड्राइंग (नक्शा) और डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। सिटी पोस्ट आफिस के नए भवन की लागत लगभग चार करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

1972 में बना था डाकघर भवन
घंटाघर स्थित प्रधान डाकघर का भवन 1972 में निर्मित हुआ था। नींव में दरार आने के कारण यह जर्जर स्थिति में पहुंच गया। स्थापना के समय यहां पांच कर्मचारी तैनात थे। वर्तमान में यह डाकघर, डाक विभाग के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसका संचालन कैंट पोस्ट आफिस के साथ मिलकर किया जा रहा है। छावनी प्रधान डाकघर में इसका स्टाफ डाक कार्य कर रहा है।
30 नवंबर 2023 को तत्कालीन केंद्रीय रेल और संचार मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में डाकघर भवन का कार्य रेलवे विभाग को सौंपने का निर्देश दिया था। आइआइटी रुड़की से भवन का स्ट्रक्चरल आडिट भी कराया गया है।

नींव में पानी भरने से जर्जर हालत में पहुंची थी बिल्डिंग

अप्रैल 2023 में डाकघर के पास निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट की खोदाई और नगर निगम की पाइपलाइन फटने से प्रधान डाकघर की नींव में पानी रिस गया था, जिससे डाकघर के पिछले हिस्से में दरार आ गई। अभियंताओं की टीम ने निरीक्षण कर इसे असुरक्षित पाया, जिसके बाद भवन को खाली करने का निर्णय लिया गया। तत्कालीन सीनियर पोस्टमास्टर एसके शर्मा ने निर्माणधीन भवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सिटी डाकघर को खाली कराकर कैंट स्थित प्रधान डाकघर में इसका संचालन किया जा रहा है।

डाक विभाग प्रवर अधीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि सिटी पोस्ट आफिस के पूरे भवन को तोड़कर नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए रेलवे विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रेलवे के अभियंता ही पूरे मामले को देख रहे हैं।

Share.

About Author

Leave A Reply