Tuesday, February 17

मार्च तक धरातल पर उतरेगी इंटीग्रेटेड टाउनशिप, पहले चरण मे परियोजना पर खर्च होंगे 25000 करोड़ रुपये

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ 09 जनवरी (प्र)। दिल्ली रोड पर मोहिउद्दीनपुर में प्रस्तावित प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप के लिए 146 हेक्टेयर जमीन की खरीद हो चुकी है। करीब 25000 करोड़ रुपये इस परियोजना के पहले चरण में मार्च तक लागू करने की तैयारी है। इसमें 60 हेक्टेयर में पहला सेक्टर विकसित किया जाएगा। एनसीआरटीसी की ओर से तैयार किया जा रहा लेआउट अंतिम रूप ले चुका है। लेआउट स्वीकृत होने के बाद रेरा से पंजीकरण कराया जाएगा।

इस टाउनशिप को दो चरणों विकसित किया जाएगा विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त टाउनशिप को कुल 31 सेक्टरों में बांटा गया है। इसमें सभी आय वर्ग के लोगों के लिए प्लाट होंगे। मोहिउद्दीनपुर, छज्जूपुर, इकला व कायस्थ गांवड़ी में प्रस्तावित इस टाउनशिप के लिए 146 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। लगभग 60 हेक्टेयर में प्रथम सेक्टर बसाने की तैयारी है। इसमें आवासीय के साथ ही व्यावसायिक गतिविधियां भी होंगी। इसके अलावा आईटी सेक्टर विकसित किए जाएंगे।

निजी बिल्डर भी विकसित करेंगे कॉलोनी
यह ऐसी टाउनशिप होगी जिसमें आवास तो होंगे ही उसी परिसर में औद्योगिक व व्यावसायिक क्षेत्र भी होंगे। यह टाउनशिप लोगों को जीवन शैली का एक अलग अहसास कराएगी। इसमें आवासीय अपार्टमेंट में ही उद्योग व व्यवसाय के लिए फ्लैट व कांप्लेक्स रहेंगे। यह ऐसी टाउनशिप होगी, जिसमें सभी आवासों को 500 मीटर दूरी पर बाजार उपलब्ध होंगे। इसमें ग्रुप हाउसिंग के भी प्लॉट होंगे जिसे निजी बिल्डर विकसित करेंगे। मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि न्यू टाउनशिप के लिए जमीन की खरीदारी लगातार चल रही है। खरीद के साथ ही कब्जा लिया जा रहा है। जल्द ही लेआउट बनकर तैयार हो जाएगा। मुख्य मार्ग ही नहीं भीतरी गांव से भी टाउनशिप की सीधी कनेक्टिविटी होगी।

Share.

About Author

Leave A Reply