मेरठ 30 अक्टूबर (प्र)। 20 से ज्यादा कॉलोनी के लोगों को राहत देने के लिए तैयार की जा रही लिंक रोड से आधा घंटे का सफर मिनटों में सिमटेगा, वहीं यहां बनाई जाने वाली दीवार पर मेरठ की क्रांति के इतिहास को उकेरा जाएगा। यहां से निकलने वाले लोग और छात्र-छात्राएं देश की आजादी, 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के साथ स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों के बारे में जान सकेंगे।
राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी के प्रस्ताव पर मेडा ने इस पर काम शुरू कर दिया है। मेडा प्रभारी अधिशासी अभियंता पवन भारद्वाज ने बताया लिंक रोड पर जैन नगर के पीछे बनाई जा रही दीवार के साथ सेना की दीवार पर देश और शहर के इतिहास और संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। इस पर तेजी से काम चल रहा है।
ये होगा दीवार पर चित्रित
900 मीटर लंबी सड़क मेरठ की क्रांति के इतिहास का परिचय कराएगी। 1857 की क्रांति का इतिहास, औघड़नाथ मंदिर, अशोक की लाट, शहीद स्मारक, 1962 का भारत-चीन युद्ध, 1965 का भारत-पाकिस्तान युद्ध, 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध, 1999 का कारगिल युद्ध, पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, रक्षा उत्पादों में भारत की आत्मनिर्भरता, मेरठ के स्वतंत्रता सेनानियों का विवरण, मेरठ के राष्ट्रीय पदक प्राप्तकर्ताओं का विवरण, लिंक रोड संघर्ष समिति का विवरण शामिल किया गया है।
लिंक रोड पर वाहन बहुत जल्द फर्राट भरेंगे। मेडा ने इसके लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया है। आज रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण होते ही मेडा व पीडब्ल्यूडी संयुक्त रूप से लिंक रोड का निरीक्षण करेंगे और शेष व्यवस्थाओं पर काम शुरु होगा।
बागपत रोड से रेलवे रोड पर आने के लिए अभी तक वाहन चालक बागपत अड्डा फुटबॉल तिराहा से रेलवे रोड चौराहा होकर पहुंचते थे। इसके अलावा कुछ गलियां भी थीं लेकिन वहां भी वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर जाम ही दिखाई देता था। आखिरी रास्ता एनएच-58 का था, जहां से निकलना मजबूरी हो जाता था। इसमें करीब 30 से 35 मिनट लगते थे। लिंक रोड बनने के बाद इन सब असुविधाओं का सामना नहीं करना होगा। केवल पांच मिनट में बागपत रोड व रेलवे रोड पर पहुंचा जा सकेगा। इमर्जेंसी की स्थिति में पैदल भी आया जा सकता है।
हॉस्पिटल वाली जमीन को मेडा खाली कराकर उस पर कब्जा ले चुका है। हालांकि रजिस्ट्री नहीं हुई है। गुरुवार को डा. प्रदीप बंसल से जमीन की रजिस्ट्री कराई जाएगी। पहले यह बुधवार को होनी थी लेकिन सर्वर ठप रहने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। गुरुवार को नये सिरे से टोकन जेनरेट करना होगा।
