Saturday, July 5

कांप्लेक्स की 3 दुकानें सील, निगम कर्मी को बंधक बनाया

Pinterest LinkedIn Tumblr +

मेरठ, 29 मार्च (प्र)। 100 करोड़ की गृहकर वसूली अभियान के चलते बुढ़ाना गेट पर एक कांपलेक्स की तीन दुकानों पर सील करने की कार्रवाई पर गत शुक्रवार शाम बखेड़ा खड़ा हो गया। छह लाख का गृहकर जमा न करने पर निगम की टीम ने दुकानें सील कर दी।
भाजपा के एक नेता की सिफारिश पर सील हटा दी और दुकान में रखा सामान निकलवा दिया गया। इस पर भवन स्वामी ने हंगामा कर दिया, तभी फिर भाजपा के ही दूसरे नेता ने इन्हीं दुकानों को सील करवा दिया। इस बात पर यहां हंगामा हुआ। लोगों ने निगम के एक कर्मचारी सुरेंद्र को बंधक बना लिया था। कोतवाली थाना पुलिस ने कर्मचारी को बंधनमुक्त कराया।
बुढ़ाना गेट स्थित स्वामीपाड़ा में पंकज शर्मा का जय काशी कांपलेक्स है। इसमें 32 दुकान किराए पर दी हैं। दुकानों पर करीब 6 लाख गृहकर बकाया है। निगम लगातार नोटिस भेज रहा था।

गत दिवस राजस्व निरीक्षक विवेक कुमार, कर्मचारी सुरेंद्र और प्रवर्तन दल समेत कई कर्मचारियों ने कांपलेक्स की तीन दुकान सील कर दी। तभी भाजपा के एक नेता की सिफारिश पर निगम ने सील खोल दी। दुकानदार ने भी दुकान से सामान निकालना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी लगने पर भवन स्वामी मौके पर पहुंचे। सील खुलने पर भवन स्वामी ने आपत्ति कर नाराजगी जता दी।

भवन स्वामी का कहना था कि दुकानदारों को गृहकर देना है। निगम ने दुकान का सामान निकलवा दिया, जोकि गलत है। इसकी जानकारी लगने पर भाजपा के दूसरे, नेता ने निगम अधिकारियों को फोन किया और दुकानें से सील हटाने को कहा।
निगम टीम दोबारा पहुंची और तीनों दुकानों को सील कर दिया। जिस पर वहां पर हंगामा हो गया। दुकानों पर सील हटाने वाले कर्मचारी को बंधक बना लिया था। जानकारी पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, तीनों जोन प्रभारी, निगम की टीम व कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

दो नेताओं के अलग-अलग निर्देश, निगम की छूटे पसीने
भाजपा के दो नेताओं के अलग-अलग निर्देश देने पर निगम अधिकारियों के पसीने छूट गए। एक नेता दुकान पर लगी सील लगाने और दूसरा नेता सील खुलवाने की जिद पर अड़ गए। लोगों की वहां भीड़ लग गई। निगम के जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। मुख्यालय, शास्त्रीनगर, कंकरखेड़ा जोन प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। तब जाकर मामला शांत हुआ।

कैंट विधायक नगरायुक्त के कैंप कार्यालय पर पहुंचे
यह मामला देर रात तक तूल पकड़ता रहा। कैंट विधायक अमित अग्रवाल, पार्षद अजय चंद्रा, भाजपा नेता रवींद्र तेवतिया सहित कई समर्थकों के साथ रात में नगर आयुक्त के कैंप कार्यालय पर पहुंचे। विधायक ने नगर आयुक्त से निगम द्वारा भवनों पर सील लगाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की बात कही। कहा कि भवन स्वामी पर कार्रवाई करें, दुकानदारों का उत्पीड़न बंद करें। बिना नोटिस दिए सील की कार्रवाई नहीं हो सकती। भाजपा नेताओं ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की शिकायत की। जिस पर नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने जांच कराने की बात कही है।
लवी त्रिपाठी, गृहकर विभाग की वरिष्ठ प्रभारी एवं अपर नगर आयुक्त का कहना है कि बुढाना गेट पर नगर निगम की टीम ने गृहकर न देने पर दुकानों को सोल कर दिया था। राजस्व निरीक्षक ने सील हटा दी थी, जोकि बाद में लगवा दी गई। 31 मार्च तक गृहकर की वसूली का अभियान चल रहा है।

Share.

About Author

Leave A Reply