मेरठ 07 मार्च (प्र)। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के जिलानी गार्डन में शुक्रवार रात एक युवक ने आत्महत्या कर ली। 20 वर्षीय मोईन ने अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बातचीत के बाद कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, जिलानी गार्डन निवासी शकील अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी नसीमा, दो बेटे अनस और मोईन तथा एक बेटी है। मोईन (20) पेशे से सैलून का काम करता था।
परिजनों के मुताबिक, करीब सात महीने पहले मोईन की दोस्ती प्रयागराज की एक युवती से हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। बताया जाता है कि दोनों अक्सर देर रात तक फोन और वीडियो कॉल पर बात करते थे।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात भी मोईन की युवती से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवती ने फोन बंद कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही मोईन ने अपने कमरे की छत में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मोईन के बड़े भाई अनस ने बताया कि रात करीब दो बजे जब वह लघुशंका के लिए उठे, तो उन्होंने मोईन के कमरे की लाइट जली देखी। शक होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो मोईन का शव पंखे से लटका हुआ था। अनस की चीख सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
मोईन को तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शनिवार को गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिवार वालों ने बताया कि मोईन ने हाल ही में समर गार्डन में अपनी नई सैलून की दुकान खोली थी और शनिवार को उसका शुभारंभ होना था। दुकान के उद्घाटन की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन उससे एक रात पहले ही उसकी मौत ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
