मेरठ 03 जुलाई (प्र)। कोतवाली में बुधवार रात थाने से 100 मीटर की दूरी पर ही महिला डॉक्टर और उसकी शिक्षिका बहन पर मनचलों ने फब्तियां कसी और छेड़छाड़ कर दी। महिला डॉक्टर और उसके भाई पर हमला किया गया। इस दौरान हंगामा हो गया और भीड़ ने आरोपियों को घेर लिया। आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। तनावपूर्ण माहौल बन गया और भाजपा नेता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि अधिकारियों और एसओ कोतवाली ने भाजपा नेताओं के फोन तक नहीं उठाए। इसके बाद थाने पर भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा और कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ से भी जमकर झड़प हुई, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोतवाली निवासी एक महिला डॉक्टर अपनी शिक्षिका बहन और भाई के साथ सुभाष बाजार में रात को घूमने आई थी। दूसरी ओर बाइक पर दूसरे पक्ष के तीन युवक वहां पहुंचे और युवतियों पर फब्तियां कसने लगे। महिला डॉक्टर का भाई आरोपियों से भिड़ गया। मनचलों ने महिला डॉक्टर और उसके भाई से मारपीट कर दी और धमकी दी। हालांकि आरोपी वहीं मौके पर ही अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। तनाव फैल गया और कई भाजपा नेता पहुंच गए। यहां से कोतवाली एसओ को कॉल किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया। पुलिस 20 मिनट बाद मौके पर पहुंची। बहाना बनाया गया कि दूसरी जगह पर ड्यूटी लगी थी। इस दौरान भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा, अंकुर शर्मा, दीपक शर्मा और बाकी नेता कोतवाली पहुंच गए। भाजपाइयों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। कोतवाली में जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंचे सीओ कोतवाली और सिटी मजिस्ट्रेट से भी भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा की झड़प हो गई।
कोतवाली में भाजपाइयों ने हंगामा करते हुए पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कमल दत्त शर्मा ने आरोप लगाया कि अफसर फील्ड में नहीं रहते। घटनाओं पर भी मौके पर नहीं पहुंचते। उन्होंने सीओ कोतवाली और सिटी मजिस्ट्रेट से कहा कि घटनाओं की जानकारी लेने का काम पुलिस-प्रशासन का है, हमारा नहीं है। कहा कि बुढ़ाना गेट पर ताजिया एक घंटे रहा और पुलिस आगे नहीं बढ़ा पाई। क्या ये सही था। आज भी छेड़छाड़ हुई और पुलिस नहीं पहुंची। कहा कि घटना देने के लिए हम आपके मुखबिर नहीं हैं। अफसर खुद इलाके का ध्यान रखें। दीपक शर्मा ने कहा कि हम कानून को मानने वाले लोग हैं, लेकिन ये ठीक नहीं कि हर बार हमारी बहनों से छेड़छाड़ हो और पुलिस बुलाने पर भी नहीं आए।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि छेड़छाड़ की घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आरोपियों की बाइक पुलिस ने कब्जे में ली है और दो टीम को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस पर लापरवाही का जो आरोप लगा है, जांच होगी।