मेरठ 01 अप्रैल (प्र)। विधायक के क्षेत्र में अपना मकान होना लोग फख की बात मानते हैं, लेकिन शहर विधायक रफीक अंसारी के क्षेत्र करीम नगर में रहने वाले लोग सफाई न होने से इतने त्रस्त हो गये हैं कि उन्होंने अपने मकानों पर विकाऊ है के पोस्टर लगाकर नगर निगम की सफाई व्यववस्था की पोल खोलकर रख दी है। शहर के जैदी फार्म स्थित करीम नगर गली नंबर-5, मदीनी मस्जिद के पास हालात बदतर हो गए हैं। गंदगी और ओवरफ्लो होती नालियों से परेशान स्थानीय लोगों ने अपने घरों पर हमकान बिकाऊ है के पोस्टर लगा दिए हैं। इलाके में फैली बदबू ने निवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मोहल्ले में संचालित एक डेयरी से निकलने वाला गोवर और गंदा पानी सीधे नालियों में बहाया जा रहा है। आरोप है कि सलीम नामक व्यक्ति अपनी डेयरी का कचरा नालियों में डाल देता है, जिससे वे जाम हो जाती हैं और गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। यह गंदगी लोगों के घरों के दरवाजों तक पहुंच रही है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मोहल्ले के निवासी अशरफ ने बताया कि यह समस्या वर्षों पुरानी है और करीब 30 साल से इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि कई बार विधायक और पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब लोग अपने घर बेचकर यहां से पलायन करने का मन बना रहे हैं। स्थानीय निवासी खालिद ने आरोप लगाया कि डेयरी संचालक दबंगई दिखाता है और शिकायत करने पर लोगों को धमकाया जाता है। गंदगी से परेशान होकर उन्होंने भी अपने घर पर मकान बिकाऊ है का पोस्टर लगा दिया है।
एक अन्य निवासी जाहिद ने बताया कि वह भी इस समस्या से तंग आ चुके हैं और मकान बेचकर कहीं और बसने का विचार कर रहे हैं। उनका कहना है कि नगर निगम अधिकारियों, विधायक और पार्षद से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिस गली में यह समस्या बनी हुई है, वहीं क्षेत्रीय सपा विधायक रफीक अंसारी का निवास भी बताया जा रहा है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मौजूदा पार्षद इकराम सैफी पर भी अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल, घरों पर लगे मकान विकाऊ है के पोस्टर इलाके की बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता की कहानी बयां कर रहे हैं।
