मेरठ 31 मई (प्र)। साउथ कोरिया में चल रही 26वीं एशियाई एथलेटिक चौंपियनशिप में पारुल चौधरी ने 3000 मी. स्टीपल चेज में दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक जीता। पारुल ने दौड़ 9.12.46 सेकेंड में पूरी की।
पारुल चौधरी को दौड़ में स्वर्ण पदक का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था। प्रतियोगिता में अभी तक मेरठ के खिलाड़ियों ने चार पदक हासिल किए हैं जिसमें से दो स्वर्ण और दो रजत शामिल हैं। पारुल 5000 मीटर दौड़ में आज मुकाबला खेलने मैदान में उतरेंगी। यहां पर भी वह पदक की सबसे बड़ी दावेदार हैं। चीन में आयोजित एशियाई गेम्स में भी पारुल ने 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 3000 मी स्टीपल चेज़ में कांस्य पदक हासिल किया था।
12 दिनों में हासिल की दूसरी उपलब्धि
दौराला के इकलौता गांव निवासी पारूल चौधरी के लिए यह वर्ष उपलब्धियां भर रहा है। 19 मई को उन्हें बतौर डिप्टी एसपी ज्वाइन कराया गया। फिलहाल उनकी पहली पोस्टिंग मुरादाबाद में है। वह अपने गांव से डिप्टी एसपी बनने वाली पहली महिला हैं। पिता कृष्ण पाल ने बताया की बेटी ने उनका सर गर्व से ऊँचा कर दिया है। पहले डिप्टी एसपी बनकर गांव की पहली अधिकारी बनी। वहीं अब एशियाई चौंपियनशिप में पदक जीतकर एक बार फिर से गांव और परिवार को गौरवान्वित किया हैं।
मेरठ की बेटियां खेलों में लिख रहीं इतिहास
मेरठ की बेटियों ने इतिहास रच दिया। 3 दिन में ही मेरठ की बेटियों ने चार पदक हासिल कर प्रदेश में मेरठ जिले को टॉप पर पहुंचा दिया। प्रदेश के 6 खिलाडी प्रतियोगिता में प्रतिभा कर रहे हैं लेकिन मेरठ की बेटियों के अलावा अलीगढ़ के गुलबीर सिंह ही दौड़ मे स्वर्ण पदक हासिल कर सके हैं। रुपल ने 400 मीटर दौड़ में रजत और मिक्सड रिले में स्वर्ण हासिल किया था वही मिक्स महिला रिले दौड़ में भी स्वर्ण पदक हासिल कर अपने पदको की हैट्रिक लगाई थी।